politics
प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश:मिर्जापुर में बिजली-पानी, सड़कों पर काम और सेवा संकल्प अभियान पर जोर
मिर्जापुर में प्रभारी मंत्री नंद गोपाल गुप्ता 'नंदी' ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं। उन्होंने सोमवार को अष्टभुजा निरीक्षण गृह में जिला प्रशासनिक समन्वय समिति की बैठक में कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने के लिए अधिकारी और संगठन के पदाधिकारी बेहतर तालमेल से काम करें। मंत्री नंदी ने जोर दिया कि सरकार और संगठन के बीच अच्छा तालमेल ही जनकल्याण का सबसे बड़ा जरिया है। केंद्र और राज्य सरकार की योजनाएं समाज के आखिरी व्यक्ति तक बिना किसी भेदभाव के पहुंचनी चाहिए। अधिकारियों को जनप्रतिनिधियों की जनसमस्याओं का समय पर समाधान करना होगा। प्रभारी मंत्री ने 'सेवा संकल्प अभियान' की तैयारियों की भी समीक्षा की। यह अभियान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के राष्ट्रसेवा के 25 साल पूरे होने पर 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चल रहा है। उन्होंने कहा कि यह अभियान सिर्फ सरकारी कार्यक्रम न रहे, बल्कि इसमें आम लोगों की भागीदारी से इसे जन-उत्सव बनाया जाए। मंत्री ने निर्देश दिए कि विकासखंड, ग्राम पंचायत और नगर वार्ड स्तर पर कार्यक्रम हों। इनके जरिए सरकार की उपलब्धियों की जानकारी लोगों तक पहुंचाई जाए और युवाओं को सेवा कार्यों से जोड़ा जाए। नंदी ने बिजली विभाग के अधिकारियों को रोस्टर के हिसाब से बिजली सप्लाई देने को कहा। जल जीवन मिशन के अधिकारियों को सभी गांवों में पीने के पानी की सप्लाई बनाए रखने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि पाइपलाइन में लीकेज या टूट-फूट की शिकायत मिलने पर तुरंत मरम्मत हो, ताकि ग्रामीणों को पानी की दिक्कत न हो। प्रभारी मंत्री ने बारिश खत्म होने के बाद सड़कों की मरम्मत और उन्हें गड्ढामुक्त करने का काम तय समय में पूरा करने के भी निर्देश दिए। बैठक में नगर विधायक रत्नाकर मिश्रा, मड़िहान विधायक रमाशंकर सिंह पटेल, मझवां विधायक सुचिस्मिता मौर्या, छानबे विधायक रिंकी कोल, भाजपा जिलाध्यक्ष लालबहादुर सरोज, नगर पालिका अध्यक्ष श्याम सुंदर केशरी, भाजपा जिला महामंत्री रवि पांडे, जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार, मुख्य विकास अधिकारी विशाल कुमार, पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक समेत प्रशासनिक अधिकारी और भाजपा पदाधिकारी मौजूद रहे।
Read full article on Bhaskar