crime
परीक्षा देकर लौट रहे भाई की मौत:पिकअप ने बाइक में मारी टक्कर, शव लाने के लिए पुलिस पर 5 हजार रुपए लेने का आरोप
बहराइच के मोतीपुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार शाम पिकअप की टक्कर से बाइक सवार अजीत शुक्ला की मौत हो गई। उनका छोटा भाई भूधर गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों लखीमपुर में पीईटी की परीक्षा देकर श्रावस्ती लौट रहे थे। परिजनों ने पुलिस पर शव घटनास्थल से थाने लाने के बदले 5 हजार रुपए लेने का आरोप लगाया है। श्रावस्ती जिले के सिरसिया थाना क्षेत्र के कोहलवा गांव के रहने वाले अजीत और भूधर शुक्रवार सुबह 5 बजे बाइक से लखीमपुर के लिए निकले थे। दोनों ने पीईटी की परीक्षा दी और शाम को हेलमेट पहनकर अपनी साइड से लौट रहे थे। मिहींपुरवा चौकी क्षेत्र में रस्तोगी ईंट भट्ठे के सामने पिकअप ने उनकी बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। दोनों सड़क पर अलग-अलग दिशाओं में जा गिरे। अजीत की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि भूधर बेहोश हो गया और गंभीर रूप से घायल हुआ। घटना की सूचना मिलने पर श्रावस्ती से परिजन देर रात करीब 11 बजे मौके पर पहुंचे। पुलिस ने अजीत का शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। शनिवार दोपहर पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे उनके भाई संजय शुक्ला ने चौकी प्रभारी पर शव घटनास्थल से लाने के बदले रुपए मांगने का आरोप लगाया। संजय के मुताबिक, उनके पास नकदी नहीं थी। उन्होंने 1 हजार रुपए नकद और 4 हजार रुपए ऑनलाइन दिए। अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण दुर्गा प्रसाद तिवारी ने बताया कि परिजनों के आरोपों की जांच की जा रही है। जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
Read full article on Bhaskar