top
प्रेसवार्ता , क्राइम रिपोर्ट : हादसा नहीं, साजिश के तहत हुई थी श्रीकांत रवि की हत्या; पत्नी समेत तीन गिरफ्तार
रंका/गढ़वा। रंका थाना क्षेत्र में जून माह में हुई श्रीकांत रवि की मौत के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए उसकी पत्नी समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। शनिवार को प्रेस वार्ता में रंका एसडीपीओ रोहित रंजन सिंह ने बताया कि प्रथमदृष्टया सड़क दुर्घटना दिख रही यह घटना पुलिस जांच में साजिश के तहत की गई हत्या सामने आई है। गिरफ्तार आरोपियों में मृतक की पत्नी मनीषा देवी (32 वर्ष), उसके कथित प्रेमी मोहम्मद हसन तथा परवेज अंसारी उर्फ पप्पु शामिल हैं। मामला रंका थाना कांड संख्या 79/26 से संबंधित है। प्रारंभ में मनीषा देवी के आवेदन पर अज्ञात वाहन की टक्कर से मौत का मामला दर्ज किया गया था। बाद में मृतक की मां शांति देवी ने बहू और मोहम्मद हसन के संबंधों पर संदेह जताते हुए हत्या की आशंका व्यक्त की।गढ़वा एसपी के निर्देश पर एसडीपीओ रोहित रंजन सिंह के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने मोबाइल सीडीआर, टावर लोकेशन और सीसीटीवी फुटेज की जांच की। पुलिस के अनुसार घटना के समय आरोपियों की गतिविधियां और लोकेशन संदिग्ध पाई गईं। रामानुजगंज चेकनाका के सीसीटीवी फुटेज में मोहम्मद हसन की अर्टिगा कार भी दिखाई दी। पुलिस के अनुसार पूछताछ में साजिश का खुलासा हुआ तथा श्रीकांत को रास्ते से हटाने के लिए एक लाख रुपये में सौदा तय होने की बात सामने आई। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त पिकअप, अर्टिगा कार, दो मोबाइल फोन तथा फोन-पे लेनदेन का स्क्रीनशॉट बरामद किया है। मामले के उद्भेदन में एसडीपीओ रोहित रंजन सिंह, पु०नि० सुभाष कुमार पासवान, थाना प्रभारी रवि कुमार केशरी, पु०अ०नि० अनिल हेम्ब्रम एवं पु०अ०नि० सफीउल्लाह अंसारी की महत्वपूर्ण भूमिका रही। एसडीपीओ रोहित रंजन सिंह ने कहा—साक्ष्यों के आधार पर हुई कार्रवाई, साजिश में शामिल किसी आरोपी को नहीं छोड़ा जाएगा एसडीपीओ रोहित रंजन सिंह ने कहा कि पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, सीडीआर, टावर लोकेशन और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामले की गहन जांच की। जांच के दौरान सामने आए तथ्यों के आधार पर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस का उद्देश्य पूरे मामले के सभी पहलुओं की निष्पक्ष जांच कर साजिश में शामिल लोगों के विरुद्ध कानून के तहत कार्रवाई करना है। खबर देखने के लिए channel को सब्सक्राइब करें, बेल आइकॉन को दबाएं, लाइक करें औऱ लिंक को शेयर करें। Blog Site Manager By Global Info Edge
Read full article on गढ़वा समाचार [garhwa Samachar] गढ़वा जिला का स्थानीय