crime
प्रतापगढ़ में नाले में मछली पकड़ने गए चाचा-भतीजे डूबे:चाचा का शव मिला; भतीजे की तलाश जारी, भतीजे को बचाने उतरे थे चाचा
प्रतापगढ़ के रानीगंज थाना क्षेत्र में शनिवार शाम नाले में मछली पकड़ने गए चाचा-भतीजे डूब गए। मेढ़ौली गांव निवासी फूलचंद विश्वकर्मा का 25 वर्षीय बेटा लल्ले उर्फ विकास विश्वकर्मा शाम करीब 5 बजे बारिश के बाद नाले में मछली पकड़ने गया था। बारिश के कारण नाले में पानी का बहाव और गहराई काफी बढ़ गई थी। मछली पकड़ते समय विकास गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। उसने मदद के लिए शोर मचाया। भतीजे को डूबता देखकर उसके चाचा नन्हे विश्वकर्मा उसे बचाने के लिए तत्काल नाले में उतर गए। लेकिन तेज बहाव और अधिक गहराई के कारण वह भी पानी में डूब गए। ग्रामीणों ने शुरू की तलाश, चाचा का शव बरामद घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय गोताखोरों और ग्रामीणों ने दोनों की तलाश शुरू कर दी। करीब 30 मिनट की मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने नन्हे विश्वकर्मा का शव नाले से बाहर निकाल लिया। वहीं, लल्ले उर्फ विकास विश्वकर्मा की तलाश देर शाम तक जारी रही। हादसे की सूचना मिलते ही परिजन भी मौके पर पहुंच गए। घटना के बाद गांव में भीड़ जमा हो गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
Read full article on Bhaskar