crime
प्रतापगढ़ में रेंजर को कुचलने वाला आरोपी गिरफ्तार:अवैध खनन रोकने के दौरान डंपर लेकर भाग रहा था, बाइक को मारी टक्कर
रेंजर प्रताप सिंह चुंडावत की हत्या के मामले में प्रतापगढ़ की छोटीसादड़ी पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। अवैध खनन रोकने गए रेंजर को डंपर से टक्कर मारकर कुचल दिया था। इलाज के दौरान निंबाहेड़ा में उनकी मौत हो गई थी। पुलिस अवैध खनन में इस्तेमाल की गई जेसीबी और डंपर को भी जब्त कर लिया है। पुलिस ने बताया- गिरफ्तार आरोपी की पहचान कन्हैयालाल (22) निवासी धामनिया रोड़, छोटीसादड़ी का रहने वाला है। टीम आरोपी से पूछताछ कर मामले की जांच कर रही है। अवैध खनन की शिकायत पर पहुंची थी टीम पुलिस ने बताया-घटना 21 सितंबर की रात की है। रेंजर प्रतापसिंह चुण्डावत को वनखंड सुक्कड़-मोहनपुरा तलाई के पास अवैध खनन की सूचना मिली थी। वह वन विभाग की टीम के साथ मौके पर पहुंचे। वहां जेसीबी, ट्रैक्टर और डंपर से खनन चल रहा था। टीम ने अवैध खनन कर रहे वाहनों को रुकवाया। इस दौरान अवैध खनन कर रहे लोगों ने गाली गलौच और धक्का मुक्की भी की। रेंजर की बाइक को मारी टक्कर इस बीच मौका देखकर मिट्टी से भरा डंपर ड्राइवर मौके से भागने लगा। रेंजर ने डंपर का पीछा किया। पुलिस ने बताया कि घाटी वाले बालाजी मंदिर रोड पर डंपर को रोकने की कोशिश के दौरान ड्राइवर ने रेंजर के ऊपर डंपर चढ़ा दिया। वनरक्षक ने दर्ज कराई थी रिपोर्ट 22 सितंबर को वनरक्षक सुरेश मेघवाल ने छोटीसादड़ी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने तुरंत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। पुलिस टीम ने घटनास्थल का मुआयना कर सबूत जुटाए। डंपर और उसके चालक को ढूंढने के लिए पुलिस की कई टीमें बनाई गईं। पुलिस ने कस्बे और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी और तकनीकी सबूतों के आधार पर डंपर को बरामद कर जब्त किया। बाद में, अवैध खनन में इस्तेमाल हुई जेसीबी को भी जब्त कर लिया गया। पुलिस ने अपने मुखबिरों और तकनीकी सबूतों की मदद से शुक्रवार को घोसुंडी जंगल से कन्हैयालाल को गिरफ्तार किया। इस मामले में आगे की जांच अभी जारी है। … यह खबर भी पढ़ें खनन माफिया ने रेंजर को डंपर से 50 मीटर घसीटा,मौत:बाइक से पीछा कर गाड़ियों को रोका तो टक्कर मारकर सड़क पर गिराया प्रतापगढ़़ जिले में अवैध खनन रोकने गए क्षेत्रीय वन अधिकारी (रेंजर) को डंपर ने टक्कर मार दी। इसके बाद 50 मीटर तक घसीटते हुए ले गया। जिससे उनकी मौत हो गई। (पढ़ें पूरी खबर)
Read full article on Bhaskar