politics
प्रयागराज में पीजीटी भर्ती को लेकर अपर निदेशक का घेराव:पुरानी नियमावली से भर्ती कराने की मांग, आमरण अनशन पर बैठे अभ्यर्थी
प्रयागराज में पीजीटी (प्रवक्ता) शिक्षक भर्ती को पुरानी नियमावली से कराने की मांग को लेकर अभ्यर्थियों का आंदोलन गुरुवार को तेज हो गया। पिछले 14 दिनों से प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थी दोपहर में पत्थर गिरजाघर धरना स्थल से शिक्षा निदेशालय पहुंचे। उन्होंने अपर निदेशक माध्यमिक कामताराम पाल के कार्यालय का घेराव किया, जिससे वहां का कामकाज रुक गया। आंदोलन को तेज करते हुए चार अभ्यर्थी रोशन सरोज, प्रवीण यादव, शिमला पटेल और मीणा सरोज शिक्षा निदेशालय के गेट पर आमरण अनशन पर बैठ गए। अभ्यर्थियों की मुख्य मांग है कि पीजीटी भर्ती प्रक्रिया नए नियमों या परीक्षा पैटर्न के बजाय पुरानी नियमावली और पुराने परीक्षा पैटर्न के आधार पर ही हो। अभ्यर्थियों का कहना है कि आयोग द्वारा अचानक लागू की गई नई पात्रता शर्तों और परीक्षा प्रणाली से प्रदेश के करीब 7 लाख योग्य उम्मीदवारों के भविष्य और चयन के अवसर सीधे तौर पर प्रभावित हो रहे हैं। प्रदर्शनकारियों की भीड़ और बढ़ते गुस्से को देखकर अपर निदेशक माध्यमिक कामताराम पाल ने तुरंत पुलिस और प्रशासन को बुलाया। सूचना मिलते ही सिटी मजिस्ट्रेट विनय कुमार सिंह, सिविल लाइन्स क्षेत्राधिकारी (CO) और भारी पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। तनाव भरे माहौल के बीच प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में अपर निदेशक कामताराम पाल ने प्रदर्शनकारी अभ्यर्थियों के प्रतिनिधिमंडल से बात की। अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि अभ्यर्थियों की नाराजगी और पुरानी नियमावली की मांग को शासन स्तर तक पहुंचाया जाएगा। इस आश्वासन के बाद फिलहाल स्थिति शांत हुई और प्रदर्शनकारी वापस धरना स्थल पर लौट आए। हालांकि, उन्होंने साफ किया कि जब तक पुरानी नियमावली बहाल नहीं होती, उनका संघर्ष जारी रहेगा।
Read full article on Bhaskar