crime
पैतृक संपत्ति विवाद में बुजुर्ग महिलाओं को घर से निकाला:मेरठ में मारपीट कर 20 हजार नकदी और सोने की चेन ले जाने का आरोप
मेरठ में पैतृक संपत्ति विवाद में गढ़ रोड स्थित गांधी आश्रम कुंज विहार निवासी सुशीला देवी ने नौचंदी थाने में शिकायत देकर कई लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पीड़ित परिवार ने कहा कि सीसीटीवी में घटना कैद होने के बाद भी न तो पुलिस मुकदमा लिख रही है और न ही हमे सुरक्षा दे रही है। पीड़िता का आरोप है कि 18 अगस्त की रात आठ बजे करीब 12-13 महिलाएं और 10-12 पुरुष लाठी-डंडे और चाकू लेकर मकान पर पहुंचे। आरोप है कि आरोपियों ने सुशीला देवी, उनकी देवरानी राज मोघा और ननद कांता देवी के साथ मारपीट की। इसके बाद चाकू दिखाकर उन्हें घर से बाहर निकाल दिया गया। पीड़िता का कहना है कि जान बचाने के लिए वह नंगे पैर नौचंदी थाने पहुंचीं और पुलिस को तहरीर दी। 20 हजार रुपये और सोने की चेन ले जाने का आरोप पीड़िता ने शिकायत में आरोप लगाया है कि मारपीट के दौरान करीब 20 हजार रुपये और दो सोने की चेन छीन ली गईं। आरोप है कि घर का सामान एक लाल बैग में भरकर ले जाया गया। मोबाइल फोन भी ले जाने का आरोप लगाया गया है। महिलाओं का कहना है कि घर से बाहर निकालने के बाद मकान पर ताला लगा दिया गया, जबकि उनके आधार कार्ड समेत जरूरी दस्तावेज और अन्य सामान अंदर ही रह गए। सीसीटीवी फुटेज सुरक्षित कराने की मांग पीड़ित पक्ष के मुताबिक, मकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में घटना से जुड़ी गतिविधियां रिकॉर्ड हुई हैं। महिलाओं ने पुलिस से फुटेज सुरक्षित कराने, कथित तौर पर ले जाए गए सामान की बरामदगी और मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि उन्हें दोबारा मकान पर आने पर जान से मारने की धमकी भी दी गई। पीड़िता ने आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई करने और परिवार को मकान में रहने व कब्जा बनाए रखने की सुरक्षा देने की मांग की है। नौचंदी थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है। हालांकि, लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
Read full article on Bhaskar