crime
पेड़ गिरने से बच्ची घायल, मड़ीखेड़ा बांध 83.52 प्रतिशत भरा:बारिश में कार भी क्षतिग्रस्त; लोग बोले- नपा में शिकायत फिर भी नहीं सुनी
शिवपुरी जिले में बुधवार शाम से गुरुवार शाम तक हुई हल्की बारिश के दौरान दो प्रमुख घटनाएं सामने आईं। नवग्रह मंदिर के पास एक पेड़ गिरने से एक नाबालिग बालिका घायल हो गई और एक कार क्षतिग्रस्त हो गई। वहीं, अटल सागर मड़ीखेड़ा बांध 83.52 प्रतिशत भर गया है। गुरुवार दोपहर नवग्रह मंदिर के पास अचानक एक पेड़ धराशाई हो गया। इस घटना में एक कार को मामूली क्षति पहुंची, जबकि पेड़ की चपेट में आने से एक नाबालिग बालिका घायल हो गई। मंदिर के पुजारी मनीष शर्मा ने बताया कि पेड़ के गिरने की आशंका को लेकर नगर पालिका को पहले ही सूचित किया गया था। उन्होंने आरोप लगाया कि शिकायत के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं की गई। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई बड़ी जनहानि नहीं हुई। लगातार बारिश के कारण अटल सागर मड़ीखेड़ा बांध का जलस्तर भी बढ़ गया है। 27 अगस्त को शाम 4 बजे बांध का जलस्तर 344.15 मीटर दर्ज किया गया, जो इसके पूर्ण जलाशय स्तर (346.25 मीटर) के करीब है। वर्तमान में बांध में 697.26 मिलियन क्यूबिक मीटर (एमसीयूएम) पानी भरा हुआ है, जो इसकी कुल क्षमता का 83.52 प्रतिशत है। बांध के गेट फिलहाल बंद रखे गए हैं। पावर हाउस की 24 मशीनों के माध्यम से 45.14 क्यूमेक्स पानी छोड़ा जा रहा है। बांध से कुल डिस्चार्ज भी 45.14 क्यूमेक्स ही दर्ज किया गया है।
Read full article on Bhaskar