politics
पेपर लीक से युवाओं का भविष्य बर्बाद- सपा प्रदेश अध्यक्ष:श्यामलाल पाल बोले- अन्याय-अत्याचार और नौजवानों के लिए आंदोलन जारी रहेगा
बुलंदशहर में समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल ने सोमवार शाम भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। बुलंदशहर दौरे के दौरान शाम 6:30 बजे मीडिया से बातचीत में उन्होंने रोजगार, आरक्षण, पेपर लीक और मंदिर सुरक्षा समेत कई मुद्दों पर सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि जहां भी अन्याय और अत्याचार होगा, वहां नौजवान अपने अधिकारों के लिए आवाज उठाते रहेंगे। झारखंड में मुख्यमंत्री के इस्तीफे की मांग को लेकर छात्रों के प्रदर्शन से जुड़े सवाल पर श्यामलाल पाल ने कहा कि अन्याय के खिलाफ युवाओं का आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि लोग अपने अधिकारों की रक्षा के लिए सड़कों पर उतरने को मजबूर हो रहे हैं। सरकारी नौकरियों में घोटाले का लगाया आरोप सपा प्रदेश अध्यक्ष ने बाबा रामदेव के सरकारी नौकरियों में कथित घोटाले संबंधी बयान का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि जब तक सरकार में घोटाले होते रहेंगे, तब तक युवाओं का आंदोलन भी चलता रहेगा। पाल ने उत्तर प्रदेश में आरक्षण व्यवस्था को लेकर भी सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि संविधान के तहत पिछड़ी जातियों को मिलने वाले रोजगार के अधिकारों पर डाका डाला जा रहा है। उन्होंने सरकार से आरक्षण व्यवस्था में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग की। पेपर लीक को लेकर सरकार पर हमला श्यामलाल पाल ने कहा कि उत्तर प्रदेश में बार-बार पेपर लीक होने से किसान और मजदूरों के बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़ हो रहा है। उनका आरोप था कि पैसे के दम पर बड़े पूंजीपति पेपर खरीद लेते हैं, जबकि मेहनत करने वाले छात्रों का भविष्य अंधकारमय हो जाता है। उन्होंने पेपर लीक के विरोध में प्रदर्शन करने वाले छात्रों पर पुलिस कार्रवाई की भी आलोचना की। पाल ने आरोप लगाया कि अपने हक की मांग कर रहे छात्रों पर लाठियां बरसाई गईं, उन्हें चोटें आईं और फर्जी मुकदमे दर्ज कर जेल भेजा गया। मंदिर में चोरी के मुद्दे पर भी सरकार को घेरा केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के 'पाप' वाले बयान पर पलटवार करते हुए सपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि पाप कौन कर रहा है, इसका जवाब लोगों को अपने भीतर तलाशना चाहिए। उन्होंने मंदिर में चोरी के मामले का जिक्र करते हुए सरकार पर सवाल उठाए। पाल ने कहा कि युवाओं, किसानों और मजदूरों के अधिकारों से जुड़े मुद्दों पर समाजवादी पार्टी लगातार आवाज उठाती रहेगी। उन्होंने शांतिपूर्ण तरीके से अपने अधिकारों की मांग करने वाले छात्रों पर कार्रवाई को सरकार का सबसे बड़ा 'पाप' बताया।
Read full article on Bhaskar