crime
रायबरेली में ट्रक की टक्कर से बाइक सवार की मौत:महारानी खेड़ा के पास बाइक को 200 मीटर तक घसीटा, 6 महीने पहले हुई थी शादी
रायबरेली में बछरावां-मौरावां हाईवे पर ग्राम पंचायत महारानी खेड़ा के पास शुक्रवार शाम सड़क हादसे में 25 वर्षीय युवक की मौत हो गई। तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर के बाद बाइक करीब 200 मीटर तक सड़क पर घिसटती चली गई, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई। मिली जानकारी के अनुसार, शेखपुर समोधा पंचायत के मेहरवान खेड़ा निवासी सूरज (25) अपनी बाइक से बछरावां की ओर जा रहा था। जैसे ही वह महारानी खेड़ा के पास पहुंचा, सामने से आ रहे अनियंत्रित ट्रक ने उसकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भयावह था कि सूरज बाइक समेत सीधे ट्रक के पहियों के नीचे आ गया और मौके पर ही उसने दम तोड़ दिया। दुर्घटना की भनक लगते ही आसपास के ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। छह माह पूर्व हुई थी शादी, परिवार में मातम सूरज की शादी महज छह महीने पहले हुई थी। हादसे की खबर मिलते ही पत्नी और परिजनों में चीख-पुकार मच गई। थानाध्यक्ष श्याम कुमार पाल ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
Read full article on Bhaskar