top
राजनाथ सिंह फिलीपींस रवाना, आसियान रक्षा मंत्रियों की बैठक में होंगे शामिल
राजनाथ सिंह फिलीपींस रवाना, आसियान रक्षा मंत्रियों की बैठक में होंगे शामिल क्षेत्रीय सुरक्षा और हिंद-प्रशांत में स्थिरता पर रखेंगे भारत का पक्ष, कई देशों के रक्षा मंत्रियों से करेंगे द्विपक्षीय वार्ता नई दिल्ली (एजेंसी)। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह मंगलवार को फिलीपींस के सेबू के लिए रवाना हुए। वह 28 और 29 अक्तूबर को आयोजित होने वाली 13वीं आसियान रक्षा मंत्रियों की बैठक प्लस (एडीएमएम-प्लस) में भारतीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करेंगे। बैठक में क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर चर्चा होगी। राजनाथ सिंह ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर कहा कि एडीएमएम-प्लस रक्षा और रणनीतिक मुद्दों पर विचार-विमर्श का प्रमुख मंच है। उन्होंने कहा कि वह क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े साझा मुद्दों पर भारत का पक्ष रखने के लिए उत्सुक हैं। भारत अपनी ‘एक्ट ईस्ट’ नीति के तहत आसियान की केंद्रीय भूमिका तथा हिंद-प्रशांत क्षेत्र में शांति, स्थिरता और सामूहिक विकास के लिए प्रतिबद्ध है। द्विपक्षीय बैठकों में रक्षा सहयोग पर चर्चा यात्रा के दौरान रक्षा मंत्री बैठक में शामिल होने वाले विभिन्न देशों के अपने समकक्षों के साथ द्विपक्षीय बैठकें भी करेंगे। इनमें मौजूदा रक्षा संबंधों की समीक्षा के साथ रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करने के नए अवसरों पर चर्चा होगी। रक्षा मंत्रालय के अनुसार, राजनाथ सिंह बैठक में ‘क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा मुद्दों पर विचारों का आदान-प्रदान’ विषय पर संबोधित करेंगे। क्या है एडीएमएम-प्लस? रक्षा मंत्रालय के मुताबिक, आसियान रक्षा मंत्रियों की बैठक (एडीएमएम) संगठन के भीतर रक्षा संबंधी परामर्श और सहयोग का सर्वोच्च तंत्र है। एडीएमएम-प्लस आसियान सदस्य देशों और उनके आठ संवाद साझेदारों को रक्षा एवं सुरक्षा सहयोग मजबूत करने के लिए साझा मंच उपलब्ध कराता है। इसके आठ संवाद साझेदार भारत, अमेरिका, चीन, रूस, जापान, दक्षिण कोरिया, ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड हैं। आसियान में ब्रुनेई, कंबोडिया, इंडोनेशिया, लाओस, मलेशिया, म्यांमार, फिलीपींस, सिंगापुर, थाईलैंड, तिमोर-लेस्ते और वियतनाम शामिल हैं।
Read full article on Newsprahari