politics
रेल सुविधा बढ़ाने के लिए गांव वालों का प्रदर्शन:अनशन और रेल रोको आंदोलन की चेतावनी; तहसीलदार को ज्ञापन भी सौंपा
बालाघाट जिले के चांगोटोला क्षेत्र में ग्रामीणों ने रेल सुविधाओं की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। बरसते पानी के बीच क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों की अगुवाई में यह प्रदर्शन नगरवाड़ा रेलवे स्टेशन पर हुआ। इसके बाद तहसीलदार को एक ज्ञापन भी सौंपा गया। आंदोलन में चांगोटोला, लामता, उगली, परसवाड़ा और आसपास के कई गांवों से बड़ी संख्या में ग्रामीण, विद्यार्थी, श्रमिक, किसान, व्यापारी, जनप्रतिनिधि और सामाजिक कार्यकर्ता शामिल हुए। उन्होंने कहा कि करीब एक लाख की आबादी वाले इस स्टेशन की अनदेखी की जा रही है, जिससे लोग रेल यात्रा से वंचित हो रहे हैं। ग्रामीणों ने जबलपुर-रायपुर मूकमाटी एक्सप्रेस के स्टॉपेज और पैसेंजर ट्रेनों के फेरे बढ़ाने की मांग की। क्षेत्रवासियों ने बताया कि नगरवाड़ा रेलवे स्टेशन सिर्फ एक गांव का नहीं, बल्कि लामता, उगली, परसवाड़ा और चांगोटोला समेत करीब 100 ग्राम पंचायतों के लोगों के लिए आवागमन का अहम केंद्र है। इतनी बड़ी आबादी के लिए यह प्रमुख माध्यम होने के बावजूद, रेल सुविधाओं के मामले में इस क्षेत्र की लगातार अनदेखी हो रही है। ग्रामीणों ने यह भी बताया कि चांगोटोला और आसपास के गांवों से छात्र पढ़ाई के लिए और श्रमिक रोजगार के लिए रोजाना बालाघाट व दूसरे शहरों में आते-जाते हैं। पर्याप्त यात्री ट्रेनें न होने से लोगों को बसों से सफर करना पड़ता है। लगातार बढ़ते बस किराए के कारण गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों पर आर्थिक बोझ बढ़ रहा है। लोगों का कहना था कि जिस इलाके में विद्यार्थी शिक्षा और मजदूर रोजगार के लिए रोज सफर करते हैं। वहां सस्ती और आसान रेल सुविधा जरूरी है। रेल सुविधा बढ़ने से यात्रियों का समय और पैसा दोनों बचेगा।
Read full article on Bhaskar