crime
रामपुर में जौहर यूनिवर्सिटी में फिर पहुंची ED:वित्तीय अनियमितताओं की जांच, आजम खान से हो चुकी है पूछताछ
रामपुर में समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता मोहम्मद आजम खान की जौहर यूनिवर्सिटी में बुधवार शाम प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की टीम पहुंची। मिली जानकारी के मुताबिक, ईडी के अधिकारी विश्वविद्यालय परिसर में दाखिल हुए हैं। करीब दो सप्ताह पहले यूनिवर्सिटी के निर्माण में कथित वित्तीय अनियमितताओं को लेकर ईडी की शिकायत पर मुकदमा दर्ज किया गया था। इसके बाद एक बार फिर अधिकारियों के परिसर पहुंचने से मामला चर्चा में है। 416 करोड़ रुपए से अधिक के खर्च की जांच जौहर यूनिवर्सिटी और मौलाना मोहम्मद अली जौहर ट्रस्ट से जुड़े वित्तीय लेनदेन ईडी की जांच के दायरे में हैं। 13 अक्टूबर को आजम खान से रामपुर जिला कारागार में पूछताछ के बाद ईडी की ओर से दी गई जानकारी के आधार पर अजीमनगर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था। इसमें विश्वविद्यालय के निर्माण पर हुए खर्च और कथित वित्तीय अनियमितताओं से जुड़े आरोप शामिल हैं। मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, यूनिवर्सिटी के निर्माण पर खर्च किए गए करीब 416.14 करोड़ रुपए का हिसाब नहीं मिलने का मामला सामने आया है। इस मामले में आजम खान, मौलाना मोहम्मद अली जौहर ट्रस्ट और अन्य संबंधित पक्षों के नाम मुकदमे में शामिल हैं। आरोपों की जांच जारी है। कार्रवाई के उद्देश्य की जानकारी नहीं बुधवार शाम ईडी अधिकारियों के विश्वविद्यालय परिसर में पहुंचने की सूचना सामने आई। हालांकि, फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि टीम किस विशेष उद्देश्य से पहुंची है और परिसर में किन दस्तावेजों या रिकॉर्ड की जांच की जा रही है। अधिकारियों की ओर से कार्रवाई के संबंध में विस्तृत जानकारी भी सामने नहीं आई है। जौहर यूनिवर्सिटी से जुड़े वित्तीय लेनदेन की जांच पहले से जारी है। अब ईडी की टीम के दोबारा परिसर में पहुंचने के बाद मामले में आगे की कार्रवाई को लेकर नजरें टिकी हैं। जांच के नतीजों और ईडी की आधिकारिक जानकारी का इंतजार है।
Read full article on Bhaskar