top
रामपुर में मुठभेड़ में 25 हजार का इनामी बदमाश गिरफ्तार:पुलिस की जवाबी फायरिंग में पैर में लगी गोली; अस्पताल में भर्ती
रामपुर के सैफनी थाना क्षेत्र में मंगलवार-बुधवार दरमियानी रात पुलिस मुठभेड़ के बाद 25 हजार के इनामी गोतस्कर को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में बदमाश के पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया। इसके बाद उसे तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। आरोपी के पास से 315 बोर का तमंचा, एक खोखा कारतूस, दो जिंदा कारतूस, एक छुरी, रस्सी और एक बाइक बरामद हुआ है। पुलिस ने बदमाश के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानिए पूरा मामला... आरोपी की पहचान गजराज उर्फ टीटू यादव निवासी बिचपुरी लालजी, थाना सैफनी के रूप में हुई है। बुधवार को सैफनी पुलिस ताजपुर बेहटा-बिलारी बॉर्डर पर संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि बैरूआ पुल के पास एक व्यक्ति बिना नंबर की बाइक और अवैध असलहे के साथ मौजूद है। पुलिस देख बदमाश बाइक लेकर भागा सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। आरोपी पुलिस को देखकर बाइक लेकर कच्चे रास्ते से भागने लगा। कीचड़ के कारण उसकी बाइक फिसलकर गिर गई। इसके बाद आरोपी ने झाड़ियों की आड़ में छिपकर पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की। आरोपी गजराज उर्फ टीटू यादव के दोनों पैरों में गोली लगी और उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। फरार बदमाश दो मामलों में वांटेड था पुलिस के मुताबिक, गजराज उर्फ टीटू यादव सैफनी थाने में दर्ज गोवंशीय वध संबंधी दो मुकदमों में फरार चल रहा था। उसके खिलाफ सैफनी थाने में आबकारी अधिनियम और आर्म्स एक्ट सहित कई अन्य मुकदमे भी दर्ज हैं।
Read full article on Bhaskar