crime
रामपुर में नकली ब्रांडेड प्रोडक्ट बेचने की शिकायत पर छापा:पुलिस ने नकली होलोग्राम लगे मिक्सर-केटल किया बरामद
रामपुर के सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में मंगलवार शाम ब्रांडेड कंपनियों के नाम पर नकली उत्पाद बेचने की शिकायत पर पुलिस ने एक दुकान पर छापेमारी की। चंडीगढ़ से आई कंपनी की लीगल टीम और स्थानीय पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में उषा और प्रेस्टीज के कथित नकली होलोग्राम लगे मिक्सर और इलेक्ट्रिक केटल बरामद किए गए। छापेमारी करीब शाम 5 बजे रामपुर रेडियोज नामक दुकान पर की गई। शुरुआती जांच में करीब 20 से 25 संदिग्ध प्रोडक्ट मिलने की बात सामने आई है। सामान की गिनती और जांच जारी है, ऐसे में बरामद उत्पादों की संख्या बढ़ सकती है। कंपनी की ओर से चंडीगढ़ निवासी लीगल एडवाइजर प्रभात कुमार गुप्ता ने बताया कि उनकी कंपनी को शिकायत मिली थी कि कुछ दुकानों पर अन्य कंपनियों के उत्पादों पर उषा और प्रेस्टीज के नाम वाले कथित नकली स्टिकर और होलोग्राम लगाकर बिक्री की जा रही है। शिकायत के आधार पर जानकारी जुटाने के बाद पुलिस के साथ मिलकर कार्रवाई की गई। तलाशी के दौरान दुकान से मिले मिक्सर और इलेक्ट्रिक केटल की जांच में आरोप है कि ये उत्पाद किसी अन्य कंपनी के हैं, लेकिन उन पर उषा और प्रेस्टीज के नाम के होलोग्राम और स्टिकर लगाए गए थे। कंपनी प्रतिनिधियों और पुलिस ने बरामद सामान को कब्जे में लेकर सीज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। सप्लाई चेन की भी होगी जांच कंपनी प्रतिनिधियों का दावा है कि ऐसे कथित नकली उत्पाद अन्य स्थानों पर भी सप्लाई किए जाने की जानकारी मिली है। पुलिस अब बरामद सामान के स्रोत और इसकी सप्लाई चेन की जांच कर रही है। साथ ही इस कारोबार में शामिल अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाली जा रही है। कंपनी की ओर से दुकानदार के खिलाफ कॉपीराइट और अन्य संबंधित कानूनी धाराओं में शिकायत दर्ज कराने की तैयारी की जा रही है। वहीं, दुकान संचालक की ओर से फिलहाल मामले पर कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
Read full article on Bhaskar