top
रामराज में मुठभेड़ में 1बदमाश के पैर में लगी गोली:महिला से लॉकेट लूटकर भाग रहे थे 3 आरोपी, तमंचे-चाकू और बाइक बरामद
मुजफ्फरनगर के रामराज थाना पुलिस और एसओजी देहात की टीम ने चेकिंग के दौरान मुठभेड़ के बाद तीन शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है। जवाबी फायरिंग में एक बदमाश के पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, मौके से भाग रहे उसके दो अन्य साथियों को भी पुलिस ने घेराबंदी कर दबोच लिया। घटना सोमवार दोपहर एक बजे की है। महिला से लूट कर भाग रहे थे आरोपी पुलिस को सूचना मिली थी कि महमूदपुर मंगूर के जंगल में एक महिला से लॉकेट लूटने वाले बदमाश रामराज की ओर आ रहे हैं। इस पर पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने अहमदवाला तिराहे पर संदिग्ध वाहनों की चेकिंग शुरू की। इसी दौरान एक बाइक पर तीन संदिग्ध आते दिखाई दिए। पुलिस ने जब उन्हें रोकने का प्रयास किया तो आरोपियों ने पुलिस टीम पर सीधी फायरिंग कर दी। पुलिसकर्मियों ने खुद का बचाव करते हुए जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक बदमाश के पैर में गोली लग गई। पुलिस ने बदमाशों के पास से दो तमंचे (315 बोर), तीन जिंदा और एक खाली कारतूस, एक पीली धातु का लॉकेट और लूट में इस्तेमाल की गई बिना नंबर प्लेट की टीवीएस राइडर बाइक व एक चाकू जब्त किया है। पुलिस पूछताछ में घायल बदमाश ने अपना नाम शाहिद पुत्र शौकीन अहमद बताया। वह बिजनौर जिले के अफजलगढ़ थाना क्षेत्र के मोहल्ला कुंदन कॉलोनी गोहर अली खां का रहने वाला है। अन्य गिरफ्तार बदमाशों की पहचान राशिद पुत्र तारिक और फिरोज पुत्र महमूद के रूप में हुई है। ये दोनों भी बिजनौर जिले के अफजलगढ़ कस्बे और थाना क्षेत्र के निवासी हैं।
Read full article on Bhaskar