top
रानी पद्मिनी पर आपत्तिजनक टिप्पणी से करणी सेना नाराज:सोशल मीडिया पर वायरल टिप्पणी से आहत, महुआखेड़ा थाने में शिकायत, बोली- इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य सुरक्षित कर निष्पक्ष जांच हो
रानी पद्मिनी को लेकर सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों पर वायरल कथित आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर करणी सेना ने पुलिस से शिकायत की है। संगठन ने महुआखेड़ा थाने में प्रार्थना-पत्र देकर मामले की निष्पक्ष जांच और तथ्य सामने आने पर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है। करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष सूरज पाल सिंह अम्मू के निर्देश पर जिलाध्यक्ष सुमित तोमर के नेतृत्व में पदाधिकारियों ने थाना प्रभारी को शिकायत दी। संगठन का कहना है कि रानी पद्मिनी को क्षत्रिय समाज सहित देशभर में त्याग, शौर्य, स्वाभिमान और वीरता के प्रतीक के रूप में सम्मान दिया जाता है। ऐसे में उनके बारे में की गई कथित अमर्यादित टिप्पणी से समाज की भावनाएं आहत हुई हैं। वीडियो और सोशल मीडिया पोस्ट सुरक्षित करने की मांग शिकायत में पुलिस से सोशल मीडिया पोस्ट, वीडियो, ऑडियो-वीडियो रिकॉर्डिंग समेत उपलब्ध इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों को सुरक्षित रखने की मांग की गई है। संगठन का कहना है कि इन साक्ष्यों की जांच से कथित टिप्पणी की वास्तविकता और उसके संदर्भ का पता लगाया जा सकेगा। करणी सेना ने पुलिस से मामले की जांच के बाद यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कानून की धाराओं के तहत कार्रवाई करने की मांग की है। जिलाध्यक्ष बोले- कानून में विश्वास, लेकिन भावनाओं से खिलवाड़ स्वीकार नहीं जिलाध्यक्ष सुमित तोमर ने कहा कि संगठन किसी व्यक्ति की व्यक्तिगत स्वतंत्रता का विरोध नहीं करता, लेकिन किसी समाज की आस्था और सम्मान को ठेस पहुंचाने वाली कथित अभिव्यक्ति स्वीकार नहीं की जा सकती। उन्होंने प्रशासन से संवेदनशील मामले की त्वरित और निष्पक्ष जांच की मांग की। शिकायत देने वालों में प्रदेश महामंत्री बृज प्रांत मनोज सिंह, युवा शक्ति जिलाध्यक्ष अंकित सैनी, अभिषेक तोमर, सुंदर सिंह, आलेख सैनी, विपिन शर्मा, मयंक ठाकुर, अंकित ठाकुर, शशांक सैनी, गोलू पंडित, देवाश सैनी और चर्चित शर्मा समेत अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
Read full article on Bhaskar