top
रेनू तोमर बनीं रालोद महिला प्रकोष्ठ की मुजफ्फरनगर जिलाध्यक्ष:मखियाली के नारी शक्ति सम्मेलन में घोषणा, प्रदेश अध्यक्ष ने किया ऐलान
मुजफ्फरनगर के ग्राम मखियाली में सोमवार को राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) महिला प्रकोष्ठ की ओर से आयोजित नारी शक्ति सम्मेलन में संगठनात्मक बदलाव का ऐलान किया गया। महिला प्रकोष्ठ की प्रदेश अध्यक्ष परिणीता सिंह ने रेनू तोमर को मुजफ्फरनगर महिला प्रकोष्ठ का नया जिलाध्यक्ष घोषित किया। घोषणा के बाद कार्यक्रम में मौजूद पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने रेनू तोमर का स्वागत किया। कार्यक्रम दोपहर 2 बजे से शाम करीब 4 बजे तक चला। मुख्य अतिथि परिणीता सिंह ने कहा कि महिलाओं की सक्रिय भागीदारी के बिना किसी भी संगठन को मजबूत नहीं बनाया जा सकता। उन्होंने नवनियुक्त जिलाध्यक्ष से संगठन को गांव-गांव तक पहुंचाने और अधिक से अधिक महिलाओं को रालोद से जोड़ने की अपेक्षा जताई। सम्मेलन में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष निशा चौधरी, राष्ट्रीय महासचिव रिचा सिंह और जिलाध्यक्ष संजय राठी ने भी विचार रखे। वक्ताओं ने महिलाओं को संगठन में अधिक अवसर देने के साथ बूथ और ब्लॉक स्तर पर संगठन को मजबूत बनाने पर जोर दिया। नवनियुक्त जिलाध्यक्ष रेनू तोमर ने पार्टी नेतृत्व और पदाधिकारियों का आभार जताते हुए कहा कि वह पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्व का निर्वहन करेंगी। साथ ही महिला हितों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाने और महिलाओं को संगठन से जोड़ने का प्रयास करेंगी। इस कार्यक्रम का संचालन क्षेत्रीय अध्यक्ष सामाजिक न्याय मंच हरेंद्र पाल ने किया। इस दौरान प्रदेश उपाध्यक्ष बीना सिंह, क्षेत्रीय अध्यक्ष इंद्राणी त्यागी, मीरापुर विधायक मिथिलेश पाल की प्रतिनिधि सुप्रिया पाल समेत बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
Read full article on Bhaskar