top
रुपयों के विवाद में पिता ने बेटी की हत्या की:रामपुर में पति को बताए बिना शव दफनाया; 26 दिन बाद आरोपी पिता गिरफ्तार
रामपुर के सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र में रुपयों की मांग को लेकर पिता और बेटी के बीच हुए विवाद में बेटी की हत्या का मामला सामने आया है। आरोप है कि कहासुनी के दौरान पिता ने लोहे की छड़ से बेटी के सिर पर वार कर दिया। गंभीर चोट लगने से उसकी मौत हो गई। मृतका की पहचान आशिया के रूप में हुई है। उसके पति हमजा के मुताबिक, आशिया 18 अगस्त को दिल्ली से अपने मायके अजीतपुर गई थी। 20 अगस्त को उसकी मौत हो गई, जबकि अगले दिन 21 अगस्त को शव दफना दिया गया। पति को बिना बताए कब्रिस्तान में दफनाया आरोप है कि बेटी की मौत के बाद पिता ने उसके पति हमजा को घटना की जानकारी नहीं दी और शव को गांव तराना के कब्रिस्तान में दफना दिया। पत्नी की मौत की जानकारी मिलने के बाद हमजा को शक हुआ कि उसकी हत्या ससुराल वालों ने की है। इसके बाद उसने डीआईजी मुनिराज और एसपी से शिकायत की। उसकी शिकायत के आधार पर पुलिस ने आशिया की सास, ससुर और दो सगे भाइयों के खिलाफ केस दर्ज किया। 26 दिन बाद कब्र से निकाला शव पुलिस ने मामले की जांच के दौरान जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी से अनुमति ली। इसके बाद 10 सितंबर को आशिया का शव कब्र से बाहर निकलवाया गया और पोस्टमार्टम कराया गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में आशिया के सिर पर चोट के निशान मिले। इसके बाद पुलिस ने नामजद आरोपियों से पूछताछ शुरू की। पूछताछ में पिता ने कबूली वार करने की बात एएसपी अनुराग सिंह के मुताबिक, पूछताछ में आशिया के पिता ने बताया कि रुपयों को लेकर बेटी से उसकी कहासुनी हुई थी। इसी दौरान गुस्से में उसने लोहे की छड़ से बेटी के सिर पर वार कर दिया। चोट लगने के बाद उसकी मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, बेटी की मौत के बाद आरोपी पिता ने उसके पति हमजा को कोई जानकारी नहीं दी और शव को तराना गांव के कब्रिस्तान में दफना दिया। दोपहर 2 बजे गिरफ्तार, जेल भेजा गया सिविल लाइंस पुलिस ने सोमवार दोपहर करीब 2 बजे आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद उसे सीजेएम कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। अपर पुलिस अधीक्षक अनुराग सिंह ने बताया कि मामले की जांच अभी जारी है। पुलिस अन्य आरोपियों की भूमिका समेत पूरे घटनाक्रम की पड़ताल कर रही है।
Read full article on Bhaskar