top
राष्ट्रीय लोक अदालत को लेकर बैठक
भास्कर न्यूज|खगड़िया आगामी 12 दिसंबर को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत की तैयारियों को लेकर जिला विधिक सेवा प्राधिकार, खगड़िया की ओर से तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इसी क्रम में गुरुवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव चंदन कुमार अधिकारी की अध्यक्षता में जिले के विभिन्न विभागों के पदाधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में अधिकाधिक सुलहनीय मामलों को चिह्नित कर उनका निष्पादन सुनिश्चित करने को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गएराष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली एवं बिहार राज्य विधिक सेवा प्राधिकार, पटना के निर्देशानुसार राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन सिविल कोर्ट, खगड़िया एवं अनुमंडलीय सिविल कोर्ट, गोगरी में किया जाएगा। बैठक में बिजली विभाग, परिवहन विभाग, श्रम विभाग, वन विभाग, दूरसंचार विभाग, माप-तौल विभाग, नगर परिषद सहित अन्य संबंधित विभागों के पदाधिकारी उपस्थित रहे। इस दौरान सचिव श्री चंदन कुमार ने सभी विभागों के पदाधिकारियों से उनके यहां लंबित एवं आपसी सुलह के आधार पर निष्पादित किए जा सकने वाले मामलों की जानकारी ली। आम नागरिकों को लाभ पहुंचाने पर चर्चा सभी विभागों को राष्ट्रीय लोक अदालत का व्यापक प्रचार-प्रसार करने और आम नागरिकों को इसके लाभों के प्रति जागरूक करने को कहा गया। इस अवसर पर सचिव चंदन कुमार ने कहा कि राष्ट्रीय लोक अदालत विवादों के त्वरित, सरल एवं निःशुल्क समाधान का प्रभावी माध्यम है। इसमें पक्षकार आपसी सहमति से अपने विवादों का निपटारा करा सकते हैं। इससे न्यायालयों में लंबित मामलों का बोझ कम होने के साथ आम लोगों को समय और धन की बचत होती है।
Read full article on Bhaskar