politics
रतनपुर डिही में शराब बिक्री के खिलाफ ग्रामीणों का प्रदर्शन:शराब निर्माण और बिक्री पर रोक लगाने की मांग, 3 लोगों की मौत का दावा
सरैया थाना क्षेत्र के रतनपुर डिही गांव में देशी शराब की बिक्री और निर्माण के खिलाफ ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। गांव में शराब के बढ़ते कारोबार से परेशान ग्रामीणों ने जोरदार प्रदर्शन किया। इसमें बड़ी संख्या में महिलाएं भी शामिल थीं। ग्रामीणों का कहना है कि गांव में देशी शराब की बिक्री से खासकर युवा इसकी चपेट में आ रहे हैं। आरोप है कि शराब के नशे में आए दिन मारपीट और अन्य गलत घटनाएं होती रहती हैं, जिससे गांव का माहौल खराब हो रहा है। प्रदर्शन में शामिल महिलाओं ने सरकार और प्रशासन से गांव में देशी चुलाई शराब के निर्माण और बिक्री पर तुरंत रोक लगाने की मांग की। ग्रामीणों ने दावा किया कि पिछले एक साल में गांव में शराब पीने से तीन लोगों की मौत हो चुकी है। हालांकि, प्रशासन ने इन मौतों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। ग्रामीणों ने शराब बनाने और बेचने में कथित रूप से शामिल लोगों को चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि वे तुरंत इस कारोबार को बंद करें। लोगों ने यह भी कहा कि अगर शराब की बिक्री और निर्माण पर रोक नहीं लगी, तो वे प्रखंड से लेकर जिला स्तर तक आंदोलन करने को मजबूर होंगे। ग्रामीणों ने प्रशासन से गांव में नियमित निगरानी बढ़ाने, अवैध शराब निर्माण और बिक्री के खिलाफ कार्रवाई करने और युवाओं को नशे से बचाने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है।
Read full article on Bhaskar