crime
Ratlam 8 Lane Expressway Accident: ओवरपास से नीचे गिरी कार, GST अधिकारी के परिवार के 4 लोग घायल, 54.50 लाख कैश मिला
Ratlam 8 Lane Expressway Accident: मध्य प्रदेश (Madhya Pradesh) के रतलाम (Ratlam) जिले में दिल्ली-मुंबई 8 लेन एक्सप्रेस-वे (Delhi Mumbai Expressway Accident) पर एक भीषण सड़क हादसा हो गया। जावरा के पास सादाखेड़ी ओवरपास पर एक कार अनियंत्रित होकर नीचे जा गिरी। हादसे में कार सवार GST अधिकारी प्रवीण मीणा (GST Officer Praveen Meena) , उनकी पत्नी और दो बच्चे घायल हो गए। चारों को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। हादसे के बाद कार की तलाशी में पुलिस को कपड़ों के बीच रखे दो बैग से 54.50 लाख रुपए नकद मिले। पुलिस ने नकदी और गहने जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है। सूरत से राजस्थान जा रहा था परिवार प्रवीण मीणा अपने परिवार के साथ गुजरात के सूरत से राजस्थान के गंगापुर जा रहे थे। इसी दौरान जावरा के पास सादाखेड़ी ओवरपास पर उनकी कार अनियंत्रित (Jaora Road Accident) हो गई और ओवरपास से नीचे जा गिरी। हादसा में कार सवार चारों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस टीम हादसे की सूचना मिलते ही औद्योगिक क्षेत्र थाना प्रभारी सुमित मिश्रा और सरसी चौकी प्रभारी अयूब खान पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घायलों को तत्काल सरकारी अस्पताल पहुंचाया। वहीं गंभीर हालत को देखते हुए घायलों को मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। कपड़ों के बीच रखे थे नोटों से भरे बैग हादसे के बाद पुलिस ने कार की तलाशी ली। इस दौरान कार में रखे कपड़ों के बीच दो बैग मिले। इन बैग में नोटों की गड्डियां रखी हुई थीं। कार से करीब 54.50 लाख रुपए नकद बरामद (Ratlam Accident Cash Recovery) होने की जानकारी सामने आई है। इसके अलावा पुलिस को गहने भी मिले हैं। पुलिस ने नकदी और गहने जब्त कर लिए हैं। नकदी कहां से आई, इसकी जांच शुरू कार से इतनी बड़ी रकम मिलने के बाद पुलिस इसकी जानकारी जुटा रही है। नकदी कहां से लाई जा रही थी और इसका इस्तेमाल किस काम के लिए होना था, इसकी जांच की जा रही है। पुलिस बरामद रकम और गहनों से जुड़े दस्तावेजों की भी पड़ताल कर रही है। हादसे की वजह भी जांच के दायरे में फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों का पता लगा रही है। कार अनियंत्रित कैसे हुई और ओवरपास से नीचे गिरने की वजह क्या थी, यह जांच के बाद ही स्पष्ट होगा। एक तरफ चारों घायलों का इलाज जारी है, वहीं दूसरी तरफ कार से मिली नकदी और गहनों को लेकर भी पुलिस जांच कर रही है।
Read full article on Bansal News