politics
रायबरेली में शिव महापुराण कथा आयोजित:प्रदीप मिश्रा ने महादेव महिमा बताई, राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल बने अतिथि
रायबरेली के ऊंचाहार में आयोजित श्री शिव महापुराण कथा के पंचम दिवस आस्था का विराट जनसैलाब उमड़ पड़ा। पूज्य पं. प्रदीप मिश्रा के श्रीमुख से भगवान महादेव की महिमा और सनातन संस्कृति का अमृतपान करने के लिए लाखों श्रद्धालु पहुंचे। विशाल पंडाल, आसपास के मैदान और मार्ग शिवभक्तों के जनसमुद्र से पट गए। पूरा क्षेत्र 'हर-हर महादेव' के जयघोष से गुंजायमान हो उठा। पं. प्रदीप मिश्रा ने शिव महिमा का वर्णन करते हुए कहा कि महादेव सनातन जीवन-दर्शन के आधार हैं। शिवभक्ति मनुष्य को त्याग, तपस्या, संयम, करुणा और लोककल्याण की प्रेरणा देती है। उन्होंने श्रद्धालुओं से आह्वान किया कि वे शिव के प्रति अपनी आस्था को केवल पूजा-पाठ तक सीमित न रखकर अपने आचरण और जीवन का हिस्सा बनाएं। कथा में तेलंगाना के राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। उन्होंने पं. प्रदीप मिश्रा से आशीर्वाद लिया और कहा कि सनातन संस्कृति भारत की आत्मा है। ऐसी कथाएं समाज को संस्कारों से जोड़ने तथा नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से परिचित कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। राज्यपाल ने आयोजन के लिए कैबिनेट मंत्री मनोज कुमार पांडेय के संकल्प, श्रद्धा और समर्पण की सराहना की। आयोजक व कैबिनेट मंत्री मनोज कुमार पांडेय ने कहा कि ऊंचाहार में श्रद्धालुओं का यह विशाल जमावड़ा सनातन आस्था की जीवंत शक्ति का प्रमाण है। यह आयोजन भक्ति, सेवा और संस्कारों का संगम बन चुका है। कार्यक्रम में राज्यमंत्री प्रतिभा शुक्ला, जसवंत सिंह सैनी, मनोहर लाल कोरी, पद्मश्री मालिनी अवस्थी, वरिष्ठ आईएएस वेदपति मिश्र, सांसद अशोक रावत, विधायक सुभाष त्रिपाठी, पूनम संघवार, संजय कुमार जायसवाल और पूर्व विधायक हरिओम यादव सहित कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। लाखों की भीड़ को देखते हुए प्रशासन व आयोजकों द्वारा सुरक्षा, यातायात, चिकित्सा और स्वच्छता के व्यापक प्रबंध किए गए थे।
Read full article on Bhaskar