lifestyle
रायसेन में पीएम मोदी के जन्मदिन पर सेवा-संकल्प अभियान:जिला अस्पताल में रक्तदान शिविर, महामाया चौक हजारों दीपों से रोशन होगा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस और सार्वजनिक जीवन में जनसेवा के 25 साल पूरे होने पर रायसेन जिले में कल 17 सितंबर से सेवा-संकल्प अभियान शुरू होगा। यह अभियान 17 अक्टूबर तक चलेगा। इसकी शुरुआत जिला अस्पताल में एक बड़े रक्तदान शिविर और शाम को महामाया चौक पर आशीर्वाद का दीया कार्यक्रम से होगी। स्वास्थ्य राज्यमंत्री नरेंद्र शिवाजी पटेल 17 सितंबर को सुबह 11:30 बजे जिला अस्पताल में होने वाले रक्तदान शिविर को शुरू करेंगे। वहीं शाम 7 बजे महामाया चौक पर आशीर्वाद का दीया कार्यक्रम होगा। इस दौरान हजारों दीपों से महामाया चौक रोशन होगा और नागरिक सेवा व राष्ट्र निर्माण का संकल्प लेंगे। कलेक्टर अरुण कुमार विश्वकर्मा के निर्देश पर अभियान की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। एक महीने तक चलने वाले इस अभियान में स्वच्छता, सेवा, सामाजिक सहभागिता, जनकल्याण और जनभागीदारी से जुड़े कई कार्यक्रम होंगे। अभियान के तहत 19 से 26 सितंबर तक 'मेरे सपनों का भारत' कार्यक्रम में चित्रकला और भाषण प्रतियोगिताएं होंगी। 19 सितंबर से 5 अक्टूबर तक 'नमो सेवा-अनकही कहानियां' के तहत सार्वजनिक जगहों पर नुक्कड़ नाटक होंगे। 26 सितंबर से 5 अक्टूबर तक सभी आंगनवाड़ियों में 'आंगन मिलन सेवा' होगी। इसके अलावा, 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक 'सेवा की कहानी', 7 अक्टूबर को हर विधानसभा क्षेत्र में 'सेवा ज्योति कलश यात्रा', 2 से 10 अक्टूबर तक 'सेवा मेरा योगदान' और 'सेवा सेतु अभियान' होंगे। सेवा सेतु के तहत ब्लॉक और नगरीय निकाय स्तर पर शिविर लगाकर योग्य लोगों को सरकारी योजनाओं का फायदा मौके पर दिया जाएगा। 9 और 10 अक्टूबर को लोगों की सहभागिता से ह्यूमन रंगोली, 12 अक्टूबर को 'सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज' और 17 अक्टूबर को नई दिल्ली में 'सुशासन सेवा संवाद' कार्यक्रम होगा। अभियान के दौरान विकास कार्यों और केंद्र-राज्य सरकार की लोगों के फायदे की योजनाओं से नागरिकों को जोड़ने के साथ सेवा भावना को लोगों तक पहुंचाने की कोशिश की जाएगी।
Read full article on Bhaskar