crime
सांदीपनि स्कूल में छात्र के बैग से देशी पिस्तौल मिली:चार महीने पहले बंदूक देने वाला कॉलेज स्टूडेंट जबलपुर से पकड़ाया
मंडला जिले के निवास स्थित सांदीपनि विद्यालय में शुक्रवार को चेकिंग के दौरान कक्षा 12वीं के एक छात्र के बैग से छह राउंड वाली देशी पिस्तौल मिली। घटना की सूचना मिलते ही निवास पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पिस्तौल जब्त कर ली और छात्र से पूछताछ शुरू कर दी। स्कूल में गुटखा, मोबाइल और अन्य प्रतिबंधित सामग्री रोकने के लिए छात्रों के बैग की नियमित जांच की जा रही थी। इसी दौरान छात्र के बैग में पिस्तौल मिली। पूछताछ में छात्र ने बताया कि उसे यह पिस्तौल करीब चार महीने पहले निवास के रसलगंज निवासी 19 वर्षीय मोहित मरकाम से मिली थी। पुरानी होने के कारण पिस्तौल में जंग लग गई थी, जिसे रंग करवाने के लिए वह स्कूल लेकर आया था। जबलपुर में पढ़ाई करने वाला मुख्य आरोपी गिरफ्तार छात्र के खुलासे के बाद पुलिस ने मोहित मरकाम को गिरफ्तार कर लिया है। बताया जा रहा है कि मोहित जबलपुर में रहकर कॉलेज में पढ़ाई कर रहा है। निवास थाना प्रभारी धर्मेंद्र धुर्वे ने बताया कि पुलिस ने आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया है और मोहित से पिस्तौल के स्रोत के बारे में पूछताछ की जा रही है।
Read full article on Bhaskar