crime
संभल के बिलाल हत्याकांड में चौथे गवाह की जिरह पूरी:60 से 65 सवाल किए गए, 22 गवाहों से होने हैं सवाल-जवाब
संभल हिंसा के बिलाल हत्याकांड में मंगलवार को आरोपी मुल्ला अफरोज की ओर से पेश चौथे गवाह से जिरह पूरी हो गई। शाम 5:30 बजे जिला शासकीय अधिवक्ता राहुल दीक्षित ने बताया कि गवाह से जिरह पूरी हो गई है। जानकारी के अनुसार, गवाह से मुल्ला अफरोज और घटना से जुड़े 60 से 65 सवाल पूछे गए। अब 28 अक्टूबर को पांचवें गवाह की पेशी होगी। इस मामले में प्रतिदिन सुनवाई हो रही है। संभल की जिला न्यायाधीश डॉ. विदुषी सिंह की अदालत में संभल कोतवाली के अपराध संख्या 340/2024 यानी बिलाल हत्याकांड की सुनवाई चल रही है। मुल्ला अफरोज की ओर से अदालत में 11 गवाहों की सूची दी गई थी। मंगलवार को मोहम्मद नाम का गवाह अदालत में पहुंचा, जहां उससे कई सवाल किए गए। इससे पहले शनिवार, 24 अक्टूबर को फैजान रजा पुत्र मोहम्मद इस्लाम निवासी शहबाजपुर खुर्द, थाना रायसत्ती की गवाही हुई थी। 11 गवाहों की सूची में दो सगे भाई फरोग आलम और शहरोज आलम की गवाही के बाद मंगलवार को चौथे गवाह से जिरह पूरी हुई। धारा 351 बीएनएस की सुनवाई पूरी जिला शासकीय अधिवक्ता राहुल दीक्षित ने बताया कि धारा 351 बीएनएस की सुनवाई पूरी हो चुकी है। अब मुल्ला अफरोज की ओर से पेश गवाहों से जिरह की जा रही है। संभल कोतवाली में दर्ज अपराध संख्या 338/2024 नईम, 339/2024 अयान और 340/2024 बिलाल हत्याकांड के अलावा थाना नखासा में दर्ज अपराध संख्या 306/2024 कैफ हत्याकांड में शारिक साठा के तीन गुर्गे वारिस, मुल्ला अफरोज और गुलाम आरोपी हैं। आरोपियों ने खुद को बताया था निर्दोष बीती 9 अक्टूबर को अदालत में पेशी के दौरान मुल्ला अफरोज और गुलाम ने एक-दूसरे को पहचानने से इन्कार किया था। दोनों ने कहा था कि उन्होंने कोई घटना नहीं की है और पुलिस ने उन्हें झूठा फंसाया है। वहीं, 14 अक्टूबर को आरोपी गुलाम ने अदालत में अपनी बेगुनाही साबित करने के लिए कोई साक्ष्य या गवाह पेश करने से इन्कार कर दिया था। जामा मस्जिद सर्वे के दौरान भड़की थी हिंसा 19 नवंबर 2024 को हिंदू पक्ष ने संभल की शाही जामा मस्जिद को श्रीहरिहर मंदिर बताते हुए सिविल सीनियर डिवीजन कोर्ट, चंदौसी में दावा पेश किया था। अदालत के आदेश पर उसी दिन शाम को पहले चरण का सर्वे किया गया। दूसरे चरण का सर्वे 24 नवंबर 2024 को हुआ। इस दौरान हजारों लोग इकट्ठा हो गए और सर्वे को बाधित करने के दौरान हिंसा भड़क गई। पुलिस पर पथराव और फायरिंग हुई, जिसमें पांच लोगों की मौत हो गई। एसपी कृष्ण कुमार बिश्नोई, एएसपी अनुज चौधरी, डिप्टी कलेक्टर समेत 29 पुलिसकर्मी घायल हुए थे।
Read full article on Bhaskar