top
संभल में 20 लाख के डॉग तार चोरी:चौकीदार को बंधक बनाकर तीन बंडल चुराए, पुलिस जांच में जुटी
संभल के कैलादेवी थाना क्षेत्र के शकरपुर गांव में अज्ञात चोरों ने घर में रखे डॉग केबल के तीन बंडल चोरी कर लिए। इनकी कीमत 20 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है। वारदात के दौरान चोरों ने घर पर तैनात चौकीदार को बंधक बना लिया और उसे घटनास्थल से करीब 18 किलोमीटर दूर पंवासा गांव में छोड़कर फरार हो गए। घटना शुक्रवार-शनिवार की मध्यरात्रि की बताई जा रही है। एलटी लाइन बदलने के लिए रखे गए थे तार सड़क किनारे बने प्रकाश सिंह के घर में बड़ी मात्रा में डॉग केबल रखे थे। प्रकाश सिंह के मुताबिक, खिरनी से गंवा और कैलादेवी से पाठकपुर तक एलटी लाइन बदलने का काम चल रहा है। इसी कार्य के लिए तार मंगवाकर घर में रखे गए थे। इनकी सुरक्षा के लिए चौकीदार आनंद शुक्ला को तैनात किया गया था। सुबह 10 बजे मिली चोरी की जानकारी चौकीदार आनंद शुक्ला ने मकान मालिक को चोरी की जानकारी दी। इसके बाद प्रकाश सिंह मौके पर पहुंचे और सुबह करीब 11:30 बजे पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मामले में चौकीदार आनंद शुक्ला को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। पुलिस उससे घटना और चोरों द्वारा उसे पंवासा तक ले जाने के संबंध में जानकारी जुटा रही है। पुलिस की तीन टीमें जांच में जुटीं एसपी विकास चंद्र त्रिपाठी ने शनिवार शाम 7:10 बजे घटना की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि थाना पुलिस के अलावा अन्य पुलिस टीमों को भी जांच में लगाया गया है। पुलिस चौकीदार के बयान समेत घटना से जुड़े सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है। घटनास्थल से पंवासा तक CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस पुलिस की तीन टीमें चौकीदार और मकान मालिक से लगातार पूछताछ कर रही हैं। साथ ही घटनास्थल से लेकर पंवासा गांव तक उस रास्ते पर लगे सीसीटीवी कैमरों की तलाश की जा रही है, जहां से चोर चौकीदार को लेकर गए थे। पुलिस फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है।
Read full article on Bhaskar