top
संभल में स्कूल की बदहाली पर DM नाराज:प्रधानाध्यापक, ARP और SRG का वेतन रोकने के निर्देश; ग्राम प्रधान को नोटिस, रसोइया हटेगा
संभल डीएम अंकित खंडेलवाल ने सोमवार को जिला मुख्यालय बहजोई में जनसुनवाई के बाद जिले में कई स्थानों का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने शहजादी सराय स्थित EVM-VVPAT वेयरहाउस की सुरक्षा व्यवस्था परखी। इसके बाद पंवासा ब्लॉक के अतरासी गांव स्थित PM श्री प्राथमिक विद्यालय पहुंचे। विद्यालय में शैक्षिक गुणवत्ता में कमी, मिड-डे मील की खराब गुणवत्ता, गंदगी और मूलभूत सुविधाओं में खामियां मिलने पर डीएम ने नाराजगी जताई। उन्होंने प्रधानाध्यापक के साथ ARP और SRG का वेतन रोकने के निर्देश दिए। खराब MDM पर ग्राम प्रधान को नोटिस निरीक्षण के दौरान विद्यालय में तैयार हो रहे मिड-डे मील की गुणवत्ता भी जांची गई। डीएम ने आलू की सब्जी चखकर उसका स्वाद और गुणवत्ता देखी। सब्जी में आलू के छिलके दिखाई देने पर उन्होंने रसोइया से भोजन तैयार करने की प्रक्रिया की जानकारी ली। MDM की गुणवत्ता खराब मिलने पर डीएम ने ग्राम प्रधान को 95(1)जी का नोटिस जारी करने और जिम्मेदार रसोइया को हटाने के निर्देश दिए। उन्होंने भोजन तैयार करने और बच्चों को परोसने के दौरान साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखने को कहा। प्रधानाध्यापक समेत चार अधिकारियों-कर्मचारियों पर कार्रवाई विद्यालय की व्यवस्थाओं की निगरानी में लापरवाही मिलने पर डीएम ने प्रधानाध्यापक का वेतन रोकने के निर्देश दिए। साथ ही ARP और SRG का वेतन रोकने को भी कहा। विद्यालय की स्थिति को लेकर बीएसए अलका शर्मा और बीईओ अंशुल कुमार से स्पष्टीकरण मांगा गया है। स्कूल में विद्यार्थियों की संख्या कम होने पर भी डीएम ने नाराजगी जताई और व्यवस्थाओं में सुधार के निर्देश दिए। बच्चों को पढ़ाया गणित निरीक्षण के दौरान डीएम ने बच्चों से बातचीत की और उनकी पढ़ाई के बारे में जानकारी ली। उन्होंने खुद विद्यार्थियों को गणित पढ़ाया और उनके ज्ञान का स्तर परखा। डीएम ने एक शिक्षक को करीब 10 मिनट तक बच्चों को पढ़ाते हुए भी देखा। उन्होंने विद्यार्थियों से स्कूल में मिलने वाली सुविधाओं और पढ़ाई को लेकर सीधे सवाल किए। छात्रा ने बताया- एक नल खराब है निरीक्षण के दौरान छात्रा ज्योति ने डीएम को बताया कि विद्यालय में लगे तीन नलों में से एक खराब है। शिकायत सुनने के बाद डीएम ने BDO को तत्काल नल ठीक कराने के निर्देश दिए। उन्होंने स्कूल परिसर में साफ-सफाई बेहतर रखने और बच्चों के लिए ठंडे पानी की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। EVM-VVPAT वेयरहाउस की सुरक्षा जांची स्कूल निरीक्षण से पहले डीएम ने शहजादी सराय स्थित EVM-VVPAT वेयरहाउस का भी औचक निरीक्षण किया। उन्होंने वहां लगे CCTV कैमरों और अग्निशमन यंत्रों की स्थिति जांची। डीएम ने संबंधित अधिकारियों से सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी ली और सभी इंतजाम दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। इस दौरान सीएम विकास चंद्र, चकबंदी अधिकारी अजय कुमार वर्मा समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे। भोजन और बर्तनों की स्वच्छता पर सख्त निर्देश डीएम ने कहा कि बच्चों को दिए जाने वाले भोजन की गुणवत्ता और स्वच्छता में किसी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। भोजन तैयार करने के साथ-साथ बर्तनों की सफाई का भी विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने कहा कि बच्चों को दिए जाने वाले भोजन या किसी भी सामग्री में गंदगी अथवा मिलावट की शिकायत नहीं मिलनी चाहिए। निरीक्षण के दौरान मिली कमियों को तत्काल दूर करने के निर्देश दिए गए हैं।
Read full article on Bhaskar