top
संभल में ट्रेन से कटकर युवक की मौत:रेलवे ट्रैक पार करते समय हादसा, 15 घंटे बाद हुई पहचान
संभल में एक पैसेंजर ट्रेन की चपेट में आने से एक ग्रामीण युवक की मौत हो गई। यह घटना शुक्रवार रात करीब 9 बजे बरेली-अलीगढ़ रेलवे ट्रैक पर हुई, लेकिन अंधेरा होने के कारण हादसे की जानकारी तत्काल किसी को नहीं मिल पाई। मृतक की पहचान बबराला थाना क्षेत्र के फिरोजपुर गांव निवासी 35 वर्षीय गिरवर कुमार पुत्र झम्मन सिंह के रूप में हुई है। वह सब्जी बेचकर अपने घर लौट रहे थे और रेलवे ट्रैक पार करते समय ट्रेन की चपेट में आ गए। पुलिस को घटना की सूचना रात करीब 1 बजे मिली, जबकि ग्रामीणों को शनिवार सुबह 7 बजे शव मिलने की जानकारी हुई। शव की पहचान होने में लगभग 15 घंटे लग गए, जब उसकी तस्वीरें प्रसारित की गईं। जीआरपी और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया। मृतक की पत्नी और अन्य परिजन सरकारी अस्पताल पहुंचे, जहां उन्होंने शव की पहचान की। पत्नी ने पुलिस को बताया कि गिरवर इतवार पैठ में सब्जी बेचने गए थे और आमतौर पर देर रात तक घर लौट आते थे। रात को घर न आने पर परिजनों को चिंता हुई और उन्होंने तलाश शुरू की थी। गिरवर अपने पीछे तीन बच्चों, 12 वर्षीय गुलाब सिंह, 8 वर्षीय कश्मीरी और 5 वर्षीय सुधा को छोड़ गए हैं। थाना प्रभारी लवनीश चौधरी ने बताया कि रात करीब 1 बजे रेलवे ट्रैक पर एक व्यक्ति का शव पड़े होने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया। पहचान के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
Read full article on Bhaskar