top
सहारनपुर में 1.28 लाख के नकली सिक्कों का खुलासा...5 अरेस्ट:20-20 रुपए के सिक्के बनाकर शराब ठेकों, टोल पर चला रहे थे; अब तक 70 करोड़ से ज्यादा के नकली सिक्के खपा चुके
सहारनपुर में नकली सिक्के बनाने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। कोतवाली नगर पुलिस और एसओजी, स्वाट व सर्विलांस की संयुक्त टीम ने गिरोह के पांच सदस्यों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से 20-20 रुपए के 6,400 नकली सिक्के यानी 1 लाख 28 हजार रुपए, नकली सिक्के बनाने की मशीन, डाई और अन्य उपकरण बरामद किए गए हैं। इसके अलावा 10 हजार रुपए के नोट, आठ मोबाइल फोन, दो कार और हिसाब-किताब के रजिस्टर भी मिले हैं। एसएसपी अभिनंदन सिंह ने रविवार को पुलिस लाइन सभागार में मामले का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि पुलिस को नकली सिक्के चलाने वाले गिरोह की सूचना मिली थी। इसके बाद कोतवाली नगर पुलिस ने एसओजी, स्वाट और सर्विलांस टीम के साथ कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों में उपकार लूथरा उर्फ अभय प्रताप सिंह, हिमांशु उर्फ गुल्लू, कुलदीप और संतोष चौरसिया उर्फ जनार्दन और अनुराग पाल उर्फ लंकेश शामिल हैं। मशीन और डाई से तैयार करते थे सिक्के पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से नकली सिक्के बनाने की छह मशीनें, पांच लोहे की डाई, बिना मोहर की 39 डाई और मोहर लगी 20 डाई बरामद की हैं। इसके अलावा डाई पॉलिश करने की मशीन, घिसाई के पत्थर, ब्रश, रेती, हथौड़े, लोहे की आरी, पाइप रिंच, शिकंजा, रिंच, पाने, पेचकश, प्लास और वर्नियर कैलिपर्स भी मिले हैं। सिक्कों का वजन जांचने के लिए इलेक्ट्रॉनिक कांटा और अन्य सामान भी बरामद हुआ है। पुलिस के अनुसार, मौके से अधबने सिक्के करीब पांच लाख रुपए कीमत के, सात हिसाब-किताब के रजिस्टर/पैड, एक चेकबुक और आठ मोबाइल फोन भी मिले हैं। आरोपियों के पास से एक ईको स्पोर्ट और स्विफ्ट डिजायर कार भी बरामद की गई है। शराब ठेकों और टोल पर खपा रहे थे एसएसपी अभिनंदन के मुताबिक, पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे सभी मिलकर नकली सिक्के बनाने के उपकरण और डाई का इस्तेमाल कर 20-20 रुपए के नकली सिक्के तैयार करते थे। इसके बाद इन्हें बाजार के अलावा सरकारी शराब के ठेकों और टोल टैक्स पर चलाया जाता था। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने पूछताछ में दावा किया है कि वे अब तक 70 करोड़ रुपए से ज्यादा के नकली सिक्के बाजार में चला चुके हैं। इस काम से उन्हें अच्छी कमाई होती थी। पुलिस अब आरोपियों से यह पता लगाने में जुटी है कि नकली सिक्के कहां-कहां बनाए और खपाए गए तथा इस नेटवर्क से और कौन लोग जुड़े हैं। एक लाख 28 हजार के सिक्के और 10 हजार के नोट मिले गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से कुल 1,28,000 रुपए के नकली सिक्के बरामद किए गए हैं। इनमें 20-20 रुपए के 6,400 सिक्के हैं। इसके अलावा 500-500 रुपए के 20 नोट यानी 10 हजार रुपए भी मिले हैं। पुलिस ने बरामदगी के आधार पर कोतवाली नगर थाने में मुकदमा दर्ज किया है।
Read full article on Bhaskar