crime
सहारनपुर में 16 क्विंटल मिलावटी रसगुल्ला पकड़े:211 किलो सूजी जब्त, खाद्य सुरक्षा विभाग की मिठाई फैक्ट्रियों पर छापेमारी
सहारनपुर के देवबंद में त्योहारों के सीजन में मिलावटखोरी रोकने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिठाई फैक्ट्रियों पर छापेमारी की। टीम ने अलग-अलग जगहों पर कार्रवाई करते हुए करीब 16 क्विंटल रसगुल्ले मौके पर ही नष्ट करा दिए। वहीं, पांच कट्टों में रखी 211 किलो सूजी सीज कर दी। फैक्ट्रियों में गंदगी के बीच मिठाइयां तैयार और स्टोर की जा रही थीं। टीम ने छेना, रसगुल्ला, मिल्क केक, गुलाब जामुन, सूजी और दूध समेत कई खाद्य पदार्थों के सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे हैं। राजूपुर की फैक्ट्री में 6 क्विंटल रसगुल्ले नष्ट कराए खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम सबसे पहले राजूपुर गांव स्थित छेना-रसगुल्ला फैक्ट्री पहुंची। यहां मोहम्मद शकील पुत्र इस्लाम की फैक्ट्री में मिठाइयां तैयार की जा रही थीं। निरीक्षण के दौरान साफ-सफाई की उचित व्यवस्था नहीं मिली। छेना और रसगुल्ले अस्वच्छ परिस्थितियों में बनाए जा रहे थे। टीम ने छेना और रसगुल्ले के सैंपल लिए। साथ ही खराब और गंदगी में रखे करीब 6 क्विंटल रसगुल्ले मौके पर ही नष्ट करा दिए। दूसरी फैक्ट्री से मिल्क केक और गुलाब जामुन के सैंपल इसके बाद टीम ने मोहम्मद शकील की दूसरी मिठाई फैक्ट्री का निरीक्षण किया। यहां मिल्क केक और गुलाब जामुन तैयार किए जा रहे थे। टीम ने दोनों मिठाइयों के सैंपल लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे। सरफराज की फैक्ट्री में 10 क्विंटल रसगुल्ले मिले खराब इसके बाद टीम सरफराज की छेना-रसगुल्ला और मिल्क केक बनाने वाली इकाइयों पर पहुंची। यहां भी साफ-सफाई और खाद्य पदार्थों के रखरखाव में कमियां मिलीं। टीम ने छेना, रसगुल्ला, सूजी, दूध और मिल्क केक के सैंपल लिए। फैक्ट्री में करीब 10 क्विंटल रसगुल्ले अस्वच्छ परिस्थितियों में रखे मिले। टीम ने इन्हें मौके पर ही नष्ट करा दिया। इसके अलावा पांच कट्टों में रखी 211 किलो सूजी सीज कर दी गई। इसे खाद्य कारोबारी शाह बू पुत्र सरफराज की अभिरक्षा में दिया गया। योगेंद्र की फैक्ट्री से भी लिए सैंपल अभियान के दौरान टीम ने योगेंद्र की गुलाब जामुन निर्माण फैक्ट्री पर भी छापा मारा। यहां बिक्री के लिए रखे गुलाब जामुन और छेना रसगुल्ले के सैंपल लिए गए। खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों के मुताबिक, सभी सैंपल जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं। रिपोर्ट में मिलावट या गुणवत्ता संबंधी गड़बड़ी मिलने पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम-2006 के तहत कार्रवाई की जाएगी। जांच रिपोर्ट आने के बाद होगी कार्रवाई यह अभियान खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की आयुक्त के आदेश और जिलाधिकारी के निर्देश पर चलाया जा रहा है। कार्रवाई सहायक आयुक्त खाद्य अशोक कुमार और सहायक आयुक्त खाद्य-द्वितीय डॉ. चमन लाल के नेतृत्व में तथा मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी पंकज कुमार गुप्ता के निर्देशन में हुई। टीम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी विनोद कुमार, उमेश कुमार, महेश कुमार, अमित गौतम, कुलदीप तिवारी, जगदंबा प्रसाद और सुमन पाल शामिल रहे।
Read full article on Bhaskar