top
साइबर ठगी के 3 आरोपी गिरफ्तार, 75 शिकायतें थीं दर्ज:सुल्तानपुर में लिंक भेजकर खातों से पैसे निकाले, लोन दिलाने के नाम पर खाते हथियाए
सुल्तानपुर के साइबर क्राइम टीम ने लिंक भेजकर लोगों के बैंक खातों से रुपये निकालने और लोन दिलाने के नाम पर खाते हासिल करने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों के खिलाफ एनसीआरपी पोर्टल पर 75 शिकायतें दर्ज हैं। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल के निर्देश पर 26 अगस्त को की गई। मोबाइल बुक करने के लिए भेजा लिंक, खाते से उड़ाए 54 हजार मामला दोस्तपुर थाना क्षेत्र के मदनपुर कला निवासी इंद्रजीत वर्मा के बेटे रवि कुमार से जुड़ा है। रवि कुमार ने फेसबुक पर मिले एक लिंक के जरिए मोबाइल बुक किया था। मोबाइल की डिलीवरी के लिए उनसे रुपये मांगे गए और एक लिंक भेजा गया। पुलिस के अनुसार, लिंक पर क्लिक करते ही रवि कुमार का मोबाइल हैक हो गया। इसके बाद उनके बैंक खाते से कई बार में कुल 54,597 रुपये निकाल लिए गए। मामले में साइबर क्राइम थाने में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। लोन का झांसा देकर हासिल करते थे बैंक खाते जांच में पता चला कि आरोपी लोगों को लोन दिलाने का झांसा देकर उनके बैंक खाते हासिल करते थे। इसके बाद इन खातों का इस्तेमाल बाहरी कंपनियों की मदद से कटिंग, ट्रेडिंग, कॉरपोरेट, गेमिंग और सट्टा ऐप से जुड़े लेनदेन के लिए किया जाता था। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों के खिलाफ नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल (एनसीआरपी) पर कुल 75 शिकायतें दर्ज हैं। तीन आरोपी गिरफ्तार, मोबाइल और चेकबुक बरामद साइबर क्राइम टीम ने 26 अगस्त को धीरज कुमार पांडेय निवासी बहरौली, कुतुबपुर, धम्मौर, आनंद राज वर्मा निवासी सहसमलपुर, दुल्लापुर, दोस्तपुर और शैलेश कुमार वर्मा निवासी डोमनपुर, बगियागांव चौराहा, जयसिंहपुर को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपियों के पास से तीन मोबाइल फोन, एक एटीएम कार्ड, दो चेकबुक और 7,000 रुपये नकद बरामद किए। बरामद मोबाइल में वीवो टी3एक्स 5जी, रेडमी और वीवो 1904 शामिल हैं। कोर्ट में पेश किए जा रहे आरोपी पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। कार्रवाई करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक कंचन सिंह, उपनिरीक्षक शिवजनम यादव, हेड कांस्टेबल अंकित कुमार, कांस्टेबल विक्रम सिंह और कांस्टेबल राजकुमार पाल शामिल रहे।
Read full article on Bhaskar