crime
सिलावद पुलिस ने 79.92 लीटर अवैध शराब जब्त की:हुंडई कार से ले जाई जा रही थी, वाहन छोड़कर आरोपी फरार
बड़वानी पुलिस अधीक्षक पद्मविलोचन शुक्ल के निर्देश पर जिले में अवैध शराब, जुआ और सट्टा सहित अन्य गैर-कानूनी गतिविधियों की रोकथाम के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धीरज बब्बर और अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) बड़वानी महेश सुनैया के मार्गदर्शन में, सिलावद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर 79.92 लीटर अवैध अंग्रेजी, देशी शराब और बीयर जब्त की, जिसकी कुल कीमत 37,356 रुपये है। साथ ही एक हुंडई कार भी जब्त की गई है। यह कार्रवाई 27 अगस्त 2026 को की गई। थाना प्रभारी सिलावद उप निरीक्षक रामकृष्ण लौवंशी ने पुलिस टीम को अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए रवाना किया था। गुरुवार शाम 6 बजे एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में थाना प्रभारी आर.के. लौवंशी ने बताया कि पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति सिल्वर रंग की कार में अवैध शराब भरकर पलसूद से रेहगुन की ओर जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम रेहगुन पंचायत के पास पहुंची और वाहनों की सघन चेकिंग शुरू कर दी। इसी दौरान एक सिल्वर रंग की हुंडई कार आती दिखाई दी। पुलिस को देखकर चालक ने कार को कुछ दूरी पर रोका और पगडंडी तथा झाड़ियों का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। पुलिस टीम ने राहगीर पंचों की उपस्थिति में कार की तलाशी ली। तलाशी के दौरान कार की डिक्की से 5 पेटी और बीच की सीट के नीचे से 3 पेटी अवैध शराब बरामद हुई। इसमें 3 पेटी लेमाउंट बीयर, 3 पेटी अंग्रेजी गोवा व्हिस्की और 2 पेटी देशी प्लेन शराब शामिल थी, जिसकी कुल मात्रा 79.92 लीटर और कीमत 37,356 रुपये है। पुलिस ने पंचनामा तैयार कर शराब और कार को विधिवत जब्त कर लिया। कार की चालक सीट पर एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन भी मिला, जिसे जब्त कर लिया गया। मोबाइल पर आए कॉल के माध्यम से धारक की पहचान झोपाली निवासी राकेश निहाली के रूप में हुई। जब्त की गई सामग्री को थाने लाकर अपराध क्रमांक 250/2026, धारा 34(2) आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर विवेचना में लिया गया है। फरार आरोपी की तलाश और प्रकरण में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
Read full article on Bhaskar