crime
सोना-चांदी व्यवसायी से लूट की घटना की सूचना पर कबीरधाम पुलिस सक्रिय, आरोपियों की पतासाजी में जुटी पुलिस टीम
कबीरधाम, असल बात दिनांक 27.10.2026 को थाना तरेगांव जंगल क्षेत्रांतर्गत ग्राम दलदली के साप्ताहिक बाजार से सोना-चांदी की खरीदी-बिक्री कर अपने मोटरसाइकिल से वापस लौट रहे व्यवसायी श्री वेदप्रकाश सोनी एवं उनके साथी के साथ ग्राम दुर्जनपुर के पास लूट की घटना की सूचना प्राप्त हुई है। प्रार्थी श्री वेदप्रकाश सोनी, निवासी वार्ड क्रमांक 08, पाण्डातराई के अनुसार, वे अपने साथी नरेन्द्र पाटस्कर के साथ मोटरसाइकिल से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान ग्राम दुर्जनपुर के पास अज्ञात मोटरसाइकिल सवार व्यक्तियों द्वारा रास्ता रोककर मारपीट की गई तथा उनके पास रखेबैग में मौजूद पुराना व नया सोना-चांदी के आभूषण एवं नगदी रकम लूटकर ले जाने की घटना बताई गई है। प्रार्थी के अनुसार, बैग में लगभग 15 किलोग्राम से अधिक चांदी के आभूषण, 10-15 ग्राम के सोने के आभूषण, 1,50,000 रुपये नगद रखे हुए थे बताया गया है। घटना की गंभीरता को देखते हुए कबीरधाम पुलिस अधीक्षक श्री जितेन्द्र कुमार यादव द्वारा तत्काल घटना की सूचना प्राप्त होते ही कल शाम से ही पुलिस अनुविभागीय अधिकारी श्री अखिलेश कौशिक के नेतृत्व में साइबर थाना एवं अन्य 3 थानों की विशेष टीम गठित कर आरोपियों के पता तलाश हेतु रवाना कर दिया गया है। थाना तरेगांव जंगल पुलिस की टीम घटना से संबंधित तथ्यों एवं परिस्थितियों की जांच कर रही है। आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कार्यवाही की जा रही है। मामले में पुलिस की कार्यवाही जारी है। असल बात,न्यूज़
Read full article on असल बात (asal Baat)