crime
सोनभद्र के युवक की महाराष्ट्र में मौत:पांच मंजिला इमारत से गिरने से हुआ हादसा, तीन दिन बाद गांव पहुंचा शव
महाराष्ट्र के नंदुरबार में एक बन रही पांच मंजिला इमारत से गिरकर कचनरवा पंचायत के मधुरी गांव के रहने वाले मजदूर सोनू कुमार (35) की मौत हो गई। वह रामवृक्ष राम के बेटे थे। गुरुवार को तीन दिन बाद उनका शव गांव पहुंचा तो परिजनों में मातम छा गया। ग्रामीणों ने एंबुलेंस को घेर लिया और मृतक के परिवार को 20 से 25 लाख रुपये मुआवजा देने की मांग की। बाद में लिखित भरोसा मिलने पर मामला शांत हुआ। बताया गया कि सोनू कुमार करीब तीन महीने पहले जंक्शन कंपनी प्राइवेट लिमिटेड के सब-कॉन्ट्रैक्टर एनजी मेनपावर सॉल्यूशन प्राइवेट लिमिटेड के जरिए हेल्पर का काम करने नंदुरबार गए थे। काम के दौरान वह बन रही इमारत से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। साथी मजदूरों ने उन्हें तुरंत पास के अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना के बाद साथ काम करने वाले मजदूरों ने कंपनी प्रबंधन से मुआवजे को लेकर बात की थी। कंपनी ने 15 से 20 दिनों के भीतर मृतक के खाते में मुआवजे की रकम भेजने का भरोसा दिया था। इधर, शव गांव पहुंचने पर परिजनों और ग्रामीणों ने तुरंत आर्थिक मदद की मांग उठाई। वेंडर सप्लायर की ओर से भी कंपनी से तुरंत कुछ पैसे देने की मांग की गई, लेकिन कंपनी बीमा का हवाला देती रही। ग्रामीणों ने मृतक के परिवार को 20 से 25 लाख रुपये मुआवजा देने की मांग रखी। बाद में वीरेंद्र की ओर से मुआवजे की जिम्मेदारी लेने और लिखित भरोसा दिए जाने के बाद ग्रामीणों का गुस्सा शांत हुआ। सोनू का शव देखकर उनकी पत्नी बेसुध हो गईं। रोते हुए उन्होंने बताया कि घटना से पहले सोनू बहुत खुश थे। बातचीत के दौरान उन्होंने कहा था, "तीज पर्व की फोटो मुझे भेजना।" पत्नी ने भावुक होकर कहा कि कुछ दिन पहले तक जो पति तीज की फोटो मांग रहे थे, आज उनका शव सामने पड़ा है। उन्होंने कहा, "मुझे अभी भी यकीन नहीं हो रहा कि वह हमें छोड़कर चले गए।" सोनू अपने पीछे पत्नी और परिवार को छोड़ गए हैं। शव पहुंचने के बाद गांव में शोक का माहौल है। मौके पर पूर्व ब्लॉक प्रमुख बंशीधर राम, पूर्व प्रधान उदय यादव, घुरा राम, रंजीत कुमार समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे। ग्रामीणों ने कंपनी और संबंधित ठेकेदार से जल्द सही मुआवजा दिलाने की मांग की।
Read full article on Bhaskar