politics
सरपंच प्रतिनिधि से मारपीट करने वालों पर कार्रवाई की मांग:ग्रामीणों ने बरा चौकी के सामने सड़क पर किया प्रदर्शन, सरपंच संघ ने एसडीओपी को दिया ज्ञापन
सागर के बंडा विकासखंड की बरा ग्राम पंचायत के सरपंच प्रतिनिधि लक्ष्मण सिंह लोधी के साथ रविवार को हुई मारपीट के मामले में सोमवार को विरोध प्रदर्शन किया गया। गांव के लोग इकट्ठा हुए और बरा चौकी पहुंच गए। उन्होंने सरपंच प्रतिनिधि के साथ मारपीट करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। इसी दौरान सड़क पर जमा होकर नारेबाजी की गई। उन्होंने कहा कि हमारे गांव का मुखिया सुरक्षित नहीं है तो हम लोग कैसे स्वयं को सुरक्षित मानें। घटना को समय बीत गया। लेकिन अब तक सभी दोषियों पर कार्रवाई नहीं हुई है। इधर, सरपंच संघ ने बंडा एसडीओपी कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा। उन्होंने सरपंच प्रतिनिधि लक्ष्मण सिंह लोधी के साथ हुई मारपीट के मामले में दोषियों पर सख्त कार्रवाई करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि मामले से जुड़े सभी लोगों के नाम एफआईआर में शामिल किए जाएं। ऐसा नहीं करने पर आने वाले समय में सरपंच संघ प्रदर्शन करेगा। बिजलीकर्मी से मारपीट का वीडियो सामने आया घटनाक्रम के दौरान सरपंच प्रतिनिधि लक्ष्मण सिंह लोधी के साथ मारपीट का वीडियो सामने आया था। लेकिन अब घटना से जुड़ा एक और वीडियो सामने आया है। जिसमें बिजली कर्मी के साथ कुछ लोग मारपीट करते हुए नजर आ रहे हैं। पुलिस ने घटना से जुड़े वीडियो जांच में लिए हैं। बंडा एसडीओपी प्रदीप बाल्मीकि ने बताया कि मामले के सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Read full article on Bhaskar