politics
सांसद बोले-फाइलों के आंकड़े नहीं चलेंगे,जमीन हकीकत बताइए:नल-जल योजना की स्थिति देख भड़के, कहा-विधायक गांवों का दौरा करें, सभी की जवाबदेही तय होगी
देवास में शनिवार को दिशा समिति की बैठक हुई। इसमें सांसद महेंद्र सिंह सोलंकी ने नल-जल योजना की रिपोर्ट पर नाराजगी जताई। अधिकारियों ने कई जगह 70 से 80 प्रतिशत काम पूरा बताया था। सांसद ने इन आंकड़ों पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि बैठक में वही जानकारी दी जाए, जो जमीन पर दिखाई दे। उन्होंने अधिकारियों को गांवों में जाकर योजना की स्थिति देखने के निर्देश दिए। सांसद ने कहा कि विधायक भी अधिकारियों के साथ गांवों का दौरा करें। वहां दिखेगा कि नल से पानी मिल रहा है या नहीं। वहीं, विधायक ने बताया कि कई गांवों में नल-जल योजना की सप्लाई बंद मिली है। सांसद ने अधिकारियों से नल-जल योजना की अलग से वास्तविक स्थिति रिपोर्ट बनाने को कहा है। उन्होंने काम की गुणवत्ता और लोगों को मिल रहे पानी की स्थिति देखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की योजनाओं की लगातार समीक्षा हो रही है। जिले में काम कमजोर मिला तो संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी तय होगी। ‘फाइल के आंकड़े लेकर मत आओ’ बैठक में सांसद ने कहा कि केवल फाइल में लिखे आंकड़े बताने से काम नहीं चलेगा। उन्होंने अधिकारियों से जमीन की सही स्थिति बताने को कहा। सांसद ने यह भी कहा कि वे खुद मौके पर जाकर योजनाओं की स्थिति देखेंगे। गांवों में बंद पानी की सप्लाई और अधूरे काम की जांच की जाएगी। नगर पालिका के काम पर भी नाराजगी नगर पालिका के काम को लेकर भी सांसद ने नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि एक काम पूरा कर देने से जिम्मेदारी खत्म नहीं होती। शहर के दूसरे विकास कार्यों पर भी ध्यान देना जरूरी है। सांसद ने कहा कि नगर पालिका के कमिश्नर को बैठक में आना चाहिए। शहर के बाकी कामों की जानकारी भी देनी चाहिए। जन्म प्रमाण-पत्र को लेकर भी शिकायतें जिला अस्पताल में जन्म प्रमाण-पत्र बनाने को लेकर लगातार शिकायतें मिलने पर सांसद ने नाराजगी जताई। उन्होंने सीएमएचओ डॉ. सरोजनी जेम्स बेक से व्यवस्था को लेकर सवाल किए। सांसद ने कहा कि उन्हें इस संबंध में कई शिकायतें मिली हैं। भोपाल से भी व्यवस्था सुधारने के लिए फोन आए हैं। सांसद ने कहा कि यदि कोई कर्मचारी या अधिकारी भ्रष्टाचार कर रहा है तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाए। उन्होंने सीएमएचओ को अगले दिन तक जन्म प्रमाण-पत्र की व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए। बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष लीला अटारिया, कलेक्टर ऋतु राज सिंह, खंडवा सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल के प्रतिनिधि जय प्रकाश शर्मा, भेरूलाल अटारिया सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
Read full article on Bhaskar