top
संतकबीरनगर में अधिवक्ताओं का प्रदर्शन:चैंबर निर्माण रुकने पर अधिवक्ताओं में आक्रोश, निर्माण शुरू न होने पर कलेक्ट्रेट पर तालाबंदी की चेतावनी
संतकबीरनगर में अधिवक्ताओं ने शनिवार को खलीलाबाद तहसील परिसर में चेंबर निर्माण कार्य बंद होने और महिला अधिवक्ताओं व महिलाओं के लिए पर्याप्त शौचालय की व्यवस्था न होने के विरोध में प्रदर्शन किया। सिविल बार एसोसिएशन के अध्यक्ष ईश्वर चंद्र पाठक, जनपद बार एसोसिएशन के अध्यक्ष संतोष कुमार चौधरी और महामंत्री निरंजन सिंह के नेतृत्व में अधिवक्ताओं ने जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर अपनी मांगें रखीं। उन्होंने बताया कि तहसील परिसर में प्रस्तावित चेंबरों का निर्माण कार्य पिछले करीब 20 दिनों से बंद है, जिससे न्यायिक और विधिक कार्यों के संचालन में असुविधा हो रही है। अधिवक्ताओं ने महिला अधिवक्ताओं और अन्य महिलाओं के लिए पर्याप्त शौचालय की सुविधा न होने का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया। उनका कहना था कि प्रतिदिन बड़ी संख्या में अधिवक्ता, वादकारी और आम नागरिक तहसील परिसर आते हैं, ऐसे में स्वच्छ, सुरक्षित और पर्याप्त शौचालय की सुविधा उपलब्ध कराना आवश्यक है। अधिवक्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि 15 दिनों के भीतर निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ और उनकी मांगों का समाधान नहीं हुआ, तो वे कलेक्ट्रेट पर ताला लगाने सहित वृहद आंदोलन करने को बाध्य होंगे। उन्होंने जिलाधिकारी कार्यालय के गेट सहित अन्य कार्यालयों पर तालाबंदी की भी चेतावनी दी। इस मौके पर जिला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष संतोष कुमार चौधरी, वरिष्ठ अधिवक्ता महीप बहादुर पाल, शशि कुमार ओझा, वीरेंद्र सिंह, लाल शरण सिंह, अजय चौधरी, सुरेंद्र द्विवेदी, अखिलेश्वर राय, राणा रवींद्र सिंह, शैलेंद्र कुमार त्रिपाठी, दिवाकर विक्रम सिंह, दिलीप राय सहित कई अन्य अधिवक्ता मौजूद रहे।
Read full article on Bhaskar