politics
सतना में छात्राओं ने सैनिकों के लिए बनाई राखियां:तिरंगे रंगों से सजाकर कलेक्टर को दीं, उन्हें भी बांधी राखी; सीमा तक पहुंचाने की मांग की
सतना के एक निजी स्कूल की छात्राओं ने सैनिकों के लिए अपने हाथों से राखियां बनाई हैं। सोमवार को छात्राएं तिरंगे रंगों से सजी राखियां लेकर कलेक्ट्रेट पहुंचीं। छात्राओं ने कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस से राखियां सीमा पर तैनात सैनिकों तक पहुंचाने की मांग की। छात्राओं ने बताया कि ये राखियां उन सैनिक भाइयों के लिए हैं, जो अपने परिवार से दूर रहकर देश की रक्षा कर रहे हैं। छात्राओं ने कलेक्टर को भी राखी बांधी। इसके बाद छात्राओं ने देशभक्ति गीत भी सुनाया। कलेक्टर ने छात्राओं को भरोसा दिलाया कि उनकी बनाई राखियां सीमा पर तैनात सैनिकों तक पहुंचाई जाएंगी। इस पर छात्राओं ने खुशी जताई। राखियों में सैनिकों के लिए सम्मान छात्राओं ने कहा कि राखियों में सैनिकों के लिए सम्मान, प्यार और आभार की भावना है। उन्होंने जवानों की सुरक्षा और लंबी उम्र की कामना की। स्कूल की शिक्षिका मनीषा त्रिपाठी ने बताया कि ऐसी गतिविधियों से बच्चों में बचपन से ही देशभक्ति और सैनिकों के प्रति सम्मान की भावना बढ़ती है। उन्होंने कहा कि छात्राओं का यह प्रयास उन्हें देश के प्रति जिम्मेदारी और सम्मान की सीख देता है। रक्षाबंधन से पहले छात्राओं की इस पहल के जरिए सैनिकों के प्रति सम्मान का संदेश दिया गया।
Read full article on Bhaskar