crime
सीतापुर में 3 हिस्ट्रीशीटर समेत 7 शातिर चोर गिरफ्तार:1.44 लाख की नगदी और जेवरात बरामद, दो तमंचे और चार कारतूस बरामद
सीतापुर में महमूदाबाद और स्वाट सर्विलांस की संयुक्त पुलिस टीम ने सोमवार शाम 5 बजे अंतर्जनपदीय चोर गिरोह के छह सदस्यों को गिरफ्तार कर चोरी की सात घटनाओं का खुलासा करने का दावा किया है। गिरफ्तार आरोपियों में तीन हिस्ट्रीशीटर समेत पांच शातिर चोर और चोरी के जेवर खरीदने वाला एक सोनार शामिल है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 1 लाख 44 हजार रुपये नकद, सोने-चांदी के आभूषण, दो तमंचे और चार जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। सीओ महमूदाबाद कपूर कुमार ने बताया कि नूरपुर पुल के पास से राम प्रकाश उर्फ प्रकाश, आशीष उर्फ ननका, सूबेदार, अरविंद्र कुमार, श्रवण उर्फ सरवन और सोनार श्रीकृष्ण पवार को गिरफ्तार किया गया। आरोपियों के पास से एक सोने की जेवरात, छह जोड़ी पायल, सात मीना, एक सिकड़ी, एक जोड़ी कान की बाली और एक ब्रेसलेट बरामद हुआ है। दो मोटरसाइकिलों को भी एमवी एक्ट की धारा 207 के तहत सीज किया गया। पूछताछ में आरोपियों ने महमूदाबाद के बजवापुर, थानगांव के महन्तापुरवा, मुखियापुरवा, सदरपुर के थनैतपुर और खुशूरूवा समेत अन्य स्थानों पर चोरी की वारदातें करना स्वीकार किया। पुलिस के मुताबिक 5 सितंबर को गोड़ैचा चौराहा स्थित माइक्रो फाइनेंस शाखा में भी चोरी की गई थी। चोरी के आभूषण सोनार श्रीकृष्ण पवार को बेचने और गलाने के लिए दिए जाते थे। गिरफ्तार आरोपियों में राम प्रकाश, अरविंद्र और श्रवण हिस्ट्रीशीटर बताए गए हैं। पुलिस ने इनके खिलाफ सीतापुर के अलावा बाराबंकी और श्रावस्ती में भी चोरी, नकबजनी, गैंगस्टर एक्ट, अवैध असलहा और अन्य धाराओं में मुकदमे दर्ज होने की जानकारी दी है। कार्रवाई एएसपी दक्षिणी दुर्गेश कुमार सिंह के पर्यवेक्षण और क्षेत्राधिकारी महमूदाबाद कपूर कुमार के नेतृत्व में महमूदाबाद पुलिस व एसओजी टीम ने की। आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई कर न्यायालय भेजा जा रहा है।
Read full article on Bhaskar