crime
सीतापुर में स्कूलों के निरीक्षण में गंदगी और गैरहाजिरी मिली:BSA ने 12 शिक्षकों पर की कार्रवाई, रोका 1 दिन का वेतन
सीतापुर जिले में परिषदीय विद्यालयों की व्यवस्थाओं में लापरवाही मिलने पर बीएसए डॉ. गोरखनाथ पटेल ने कार्रवाई की है। बुधवार सुबह करीब 10 बजे आठ विद्यालयों के आकस्मिक निरीक्षण में कहीं गंदगी मिली तो कहीं शिक्षक और शिक्षामित्र अनुपस्थित मिले। इस पर कई प्रधानाध्यापकों और शिक्षामित्रों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। एक प्रधानाध्यापक का वेतन रोकने और समय से पहले विद्यालय छोड़ने वाली शिक्षामित्र का एक दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए गए हैं। संबंधित विद्यालयों को एक सप्ताह में सुधार कर फोटोग्राफ सहित रिपोर्ट देने को कहा गया है। बीएसए ने सुबह सबसे पहले नौ बजे गोंदलामऊ के कंपोजिट विद्यालय गोपालपुर पश्चिमी से निरीक्षण शुरू किया। यहां बच्चों को साफ-सफाई और यूनिफॉर्म में विद्यालय आने के लिए प्रेरित किया। इसके बाद सुबह 9:55 बजे मछरेहटा के प्राथमिक विद्यालय पुरैनी में परिसर गंदा मिलने पर प्रभारी प्रधानाध्यापक हरदीप वर्मा को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। 10:27 बजे कंपोजिट विद्यालय अनोगी गढ़ी में भी सफाई व्यवस्था खराब मिली। प्रभारी प्रधानाध्यापक रजनीश कुमार को नोटिस देने के साथ दोनों शिक्षामित्रों समीक्षा सिंह और प्रदीप अनोगी को भी नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। गोंदलामऊ के कंपोजिट विद्यालय कुचलाई में सुबह 11:21 बजे गंदगी और चारों ओर झाड़ियां मिलने पर प्रधानाध्यापक कृष्ण कुमार का वेतन रोक दिया गया। पूर्व माध्यमिक विद्यालय ब्रह्मावली में अनुदेशक वेदिका अनुपस्थित मिलीं। कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय में एफटीटी नेहा लोधी, उपासना गौतम और रसोइया उषा देवी व पूनम शुक्ला अनुपस्थित मिलीं। इन्हें नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। प्राथमिक विद्यालय जरीगंवा प्रथम में शिक्षामित्र कुसुमा देवी के समय से पहले जाने पर एक दिन का वेतन रोकने के निर्देश दिए गए। वहीं, प्राथमिक विद्यालय गोपौली में प्रभारी प्रधानाध्यापक आशुतोष मिश्रा अनुपस्थित मिले। परिसर में गंदगी, हैंडवॉश में पानी न आने और कक्षाओं के बाहर कूड़े के ढेर मिलने पर उन्हें नोटिस जारी कर सुधार के निर्देश दिए गए।
Read full article on Bhaskar