crime
साढ़े 3 साल बाद ससुराल में मिला हत्याकांड का आरोपी:हरदा में जनपद अध्यक्ष के पति ने की थी हत्या, हादसा दिखाने की कोशिश की थी
हरदा के बहुचर्चित अनिल माणिक हत्याकांड के मुख्य आरोपी धर्मेंद्र पटेल को पुलिस ने रविवार को गिरफ्तार कर लिया। हरदा जनपद अध्यक्ष के पति धर्मेंद्र को पुलिस की 30 सदस्यीय टीम ने उसकी ससुराल ग्राम रातातलाई से पकड़ा। आरोपी पर 30 हजार रुपए का इनाम घोषित था। गिरफ्तारी के बाद उसे कोर्ट में पेश किया गया, जहां से जेल भेज दिया गया। टिमरनी एसडीओपी आकांक्षा तलैया ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली थी कि धर्मेंद्र पटेल रातातलाई स्थित अपनी ससुराल में छिपा है। सूचना के आधार पर एसआईटी की 30 सदस्यीय टीम ने दबिश देकर उसे गिरफ्तार किया। बैटरी चोरी के शक में अनिल की हत्या का आरोप पुलिस के अनुसार, 8 दिसंबर 2022 की रात धर्मेंद्र पटेल ने अपने डंपर चालक अनिल माणिक की बैटरी चोरी के शक में क्रिकेट बैट से पिटाई की थी। अनिल की मौत हो गई थी। घटना भुवनखेड़ी और हंडिया क्षेत्र में हुई थी। हत्या के बाद शव को सड़क हादसा दिखाने की कोशिश की गई थी। पुलिस के अनुसार, शव को किराए के ऑटो से सड़क पर ले जाकर फेंका गया और उसके पैरों पर डंपर चढ़ा दिया गया। शुरुआत में अनिल की मौत सड़क दुर्घटना में होने की बात सामने आई थी, लेकिन जांच में मामला हत्या का निकला। 2023 में दर्ज हुआ था मामला इस मामले में 8 जनवरी 2023 को एफआईआर दर्ज की गई थी। पुलिस ने हत्या और साक्ष्य छिपाने सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया था। मामले में राहुल पटेल, संदीप गुर्जर सहित अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। मुख्य आरोपी धर्मेंद्र पटेल लंबे समय से फरार था। पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी पर 30 हजार रुपए का इनाम घोषित किया था। पुलिस ने उसे पकड़ने के लिए कई बार दबिश दी थी। उसकी संपत्ति कुर्क कर नीलामी के आदेश भी कोर्ट ने दिए थे। रविवार को गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने धर्मेंद्र पटेल को करीब शाम 7 बजे न्यायालय में पेश किया। कोर्ट ने उसे जेल भेज दिया।
Read full article on Bhaskar