politics
स्वामित्व योजना में व्यक्तिगत जिम्मेदारी का विरोध:अशोकनगर में पटवारियों ने सौंपा ज्ञापन, बोले- रजिस्ट्रेशन का काम हमसे न कराया जाए
अशोकनगर में मध्यप्रदेश पटवारी संघ ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट में ज्ञापन सौंपा। पटवारियों ने स्वामित्व अधिकार अभिलेख बनाने और रजिस्ट्रेशन-2026 योजना से पटवारी संवर्ग को अलग रखने की मांग की। पटवारियों ने तहसीलदार डिप्टी कलेक्टर विकास आनंद को ज्ञापन दिया। इसमें कहा गया कि योजना के तहत अभिलेख तैयार करने, ई-केवाईसी, रजिस्ट्रेशन और इससे जुड़े व्यक्तिगत जिम्मेदारी वाले काम पटवारियों से न कराए जाएं। पटवारियों के अनुसार, ग्रामीण आबादी क्षेत्र का सर्वे, मैपिंग, नाप और अन्य तकनीकी काम पहले ही हो चुके हैं। इन कामों में पटवारियों ने सहयोग किया था। अब अधिकार अभिलेख तैयार करने और रजिस्ट्रेशन की जिम्मेदारी पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग को दी जाना उचित होगा। पटवारियों ने कहा कि वे इस काम में जरूरी सहयोग करते रहेंगे। रजिस्ट्रेशन के कागज में नाम होने पर जताई आपत्ति ज्ञापन में कहा गया कि रजिस्ट्रेशन के कागज में पटवारी का नाम, पद और ई-सिग्नेचर जिम्मेदार अधिकारी के तौर पर दर्ज होने से भविष्य में परेशानी हो सकती है। जमीन की सीमा, क्षेत्रफल, नाम, वारिस, हिस्सेदारी, कब्जे या पुराने रिकॉर्ड में किसी गलती को लेकर विवाद होने पर पटवारी को व्यक्तिगत रूप से जिम्मेदार ठहराया जा सकता है। इसलिए पटवारियों को इस जिम्मेदारी से दूर रखने की मांग की गई। फार्मर आईडी के लिए दबाव न बनाने की मांग पटवारियों ने फार्मर आईडी बनाने के काम पर भी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि कम समय में बड़ी संख्या में फार्मर आईडी बनाई गई हैं। बचा हुआ काम तकनीकी समस्याओं के हल होने के साथ जारी रहेगा। इसलिए इसके लिए दबाव बनाकर कार्रवाई न की जाए। जिओ टैग गिरदावरी का भी विरोध पटवारियों ने जिओ टैग गिरदावरी को अव्यावहारिक बताते हुए इसका विरोध किया। उन्होंने कहा कि जब तक व्यवस्था में बदलाव नहीं होता, पटवारी गिरदावरी का काम नहीं करेंगे। वेतन विसंगति और पदोन्नति की मांग पटवारियों ने वेतन विसंगति, ग्रेड-पे, कैडर रिव्यू और पदोन्नति जैसी लंबित मांगों को पूरा करने की भी मांग की। संघ का कहना है कि पुरानी समस्याओं का समाधान किए बिना पटवारियों को लगातार अतिरिक्त जिम्मेदारियां दी जा रही हैं। दबाव बनाया तो करेंगे कलमबंद आंदोलन पटवारी संघ ने कहा कि 15 सितंबर से प्रदेश के पटवारी स्वामित्व अधिकार अभिलेख बनाने और रजिस्ट्रेशन-2026 में जिम्मेदार अधिकारी की भूमिका से दूर रहेंगे। संघ ने चेतावनी दी कि अगर पटवारियों पर दबाव बनाया गया तो पूरे प्रदेश में कलमबंद आंदोलन किया जाएगा।
Read full article on Bhaskar