top
सीवान डीएम ने दोहराया संत रविदास का संदेश, कहा:“मन चंगा तो कठौती में गंगा”, मन साफ हो तो हर जगह पवित्र
सीवान के गोरेयाकोठी प्रखंड के अनुसूचित जाति टोला बासफोर टोला, दुसाध टोला और पूरब टोला में गुरुवार को संत रविदास जयंती के अवसर पर गुरु संत रविदास समरसता संकल्प अभियान के तहत विकास शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिलाधिकारी विजय प्रकाश मीणा शामिल हुए। उन्होंने संत रविदास के चित्र पर पुष्प अर्पित करने के साथ दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। विचार और कर्म ही वास्तविक पहचान अपने संबोधन में डीएम ने संत रविदास के प्रसिद्ध संदेश “मन चंगा तो कठौती में गंगा” को दोहराते हुए कहा कि मन साफ और पवित्र हो तो व्यक्ति को पवित्रता के लिए कहीं दूर जाने की जरूरत नहीं होती। उन्होंने कहा कि व्यक्ति के विचार और कर्म ही उसकी वास्तविक पहचान होते हैं। समानता और भाईचारे का दिया संदेश डीएम ने कहा कि संत रविदास ने समाज को समानता, भाईचारे और सामाजिक समरसता का संदेश दिया। उनके विचार आज भी प्रासंगिक हैं। उनके बताए मार्ग पर चलते हुए समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर विकास की दिशा में आगे बढ़ना जरूरी है। अंतिम पायदान तक पहुंचे योजनाओं का लाभ उन्होंने कहा कि सामाजिक समरसता के साथ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े लोगों तक सरकार की योजनाओं का लाभ पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से समरसता संकल्प अभियान के तहत विकास शिविर लगाए जा रहे हैं। कई योजनाओं की दी गई जानकारी शिविर में राशन कार्ड, विद्यालय में दाखिला, आंगनबाड़ी, जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, आधार निर्माण, कुशल युवा कार्यक्रम, कौशल विकास, ई-श्रम कार्ड, आयुष्मान भारत कार्ड, स्वास्थ्य सेवाएं, प्रधानमंत्री आवास योजना, वास-भूमि एवं वासगीत पर्चा, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं, बुनियाद केंद्र, वीबी-जी-रामजी योजना और हर घर नल-जल योजना सहित विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी ग्रामीणों को दी गई। पात्र लोगों से आवेदन देने की अपील डीएम ने पात्र लेकिन योजनाओं के लाभ से अब तक वंचित लोगों से शिविर में आवेदन देने की अपील की। उन्होंने ग्रामीणों से योजनाओं का लाभ लेने में आ रही समस्याओं की जानकारी भी ली। शिकायतों के त्वरित समाधान का निर्देश शिविर में प्राप्त शिकायतों के समाधान के लिए डीएम ने संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। साथ ही प्राप्त आवेदनों पर नियमानुसार त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
Read full article on Bhaskar