crime
सावन के अंतिम सोमवार को लेकर मऊ में पुलिस अलर्ट:गाजीपुर तिराहे से आजमगढ़ मोड़ तक निकाला रूट मार्च, अतिक्रमण हटाने की हिदायत
मऊ में सावन के अंतिम सोमवार को लेकर मऊ पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। रविवार देर शाम अपर पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार के नेतृत्व में नगर क्षेत्र में रूट मार्च निकाला गया। गाजीपुर तिराहे से शुरू हुआ रूट मार्च आजमगढ़ मोड़ तक गया। इस दौरान भारी पुलिस बल मौजूद रहा। रूट मार्च के दौरान पुलिस अधिकारियों ने सड़क किनारे अतिक्रमण करने वालों को सख्त हिदायत दी। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि श्रद्धालुओं और कांवड़ियों की आवाजाही के दौरान यातायात व्यवस्था में किसी तरह की बाधा बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सावन के अंतिम सोमवार को देखते हुए रविवार से ही शहर में यातायात डायवर्जन लागू कर दिया गया है। मंदिरों और संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त फोर्स सोमवार को प्रमुख शिव मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ने और कांवड़ियों के आवागमन को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। मंदिरों और संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। भीड़भाड़ वाले इलाकों और प्रमुख स्थानों पर ड्रोन कैमरों से भी निगरानी की जाएगी। एएसपी अनूप कुमार ने बताया कि सावन का अंतिम सोमवार होने के साथ ही आने वाले दिनों में बारावफात और रक्षाबंधन जैसे पर्व भी हैं। लगातार त्योहारों के चलते बाजारों में भीड़ बढ़ने की संभावना है। ऐसे में सभी अधिकारियों और पुलिसकर्मियों को अपने-अपने क्षेत्रों में पूरी सतर्कता के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस प्रशासन का कहना है कि धार्मिक आयोजनों के दौरान यातायात व्यवस्था बनाए रखने के साथ श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। पुलिस बल को संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष नजर रखने और किसी भी स्थिति से तत्काल निपटने के निर्देश दिए गए हैं।
Read full article on Bhaskar