crime
स्वतंत्रता दिवस से पहले ट्रेनों में जीआरपी की चेकिंग:इटावा स्टेशन पर डॉग स्क्वॉड के साथ चलाया अभियान
इटावा। स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर रेलवे सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जीआरपी ने ट्रेनों और रेलवे स्टेशन पर चेकिंग अभियान तेज कर दिया है। गुरुवार दोपहर करीब तीन बजे जीआरपी थानाध्यक्ष जितेंद्र कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने डॉग स्क्वॉड और एएस चेक टीम के साथ इटावा स्टेशन से गुजरने वाली ट्रेनों में सघन जांच की। संदिग्ध यात्रियों की जांच पुलिस टीम ने स्टेशन पर रुकने वाली ट्रेनों के विभिन्न कोचों में पहुंचकर यात्रियों के सामान की जांच की। संदिग्ध गतिविधि दिखाई देने पर यात्रियों से पूछताछ की गई। इसके साथ ही पुलिसकर्मियों ने ट्रेनों और प्लेटफार्म पर लावारिस सामान तथा संदिग्ध वस्तुओं को भी खंगाला। डॉग स्क्वॉड ने की जांच डॉग स्क्वॉड की मदद से ट्रेनों के कोच, प्लेटफार्म और स्टेशन परिसर में संदिग्ध वस्तुओं की जांच कराई गई। पुलिस टीम ने स्टेशन परिसर में भी निगरानी रखी। स्वतंत्रता दिवस को देखते हुए रेलवे सुरक्षा से जुड़े सभी पहलुओं पर विशेष सतर्कता बरती जा रही है। लावारिस वस्तु मिलने पर सूचना दें जीआरपी ने यात्रियों से अपील की कि ट्रेन या रेलवे स्टेशन पर कोई लावारिस अथवा संदिग्ध वस्तु दिखाई देने पर उसे छुएं नहीं। ऐसी वस्तु मिलने पर तत्काल जीआरपी को सूचना दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके। रेल यात्रियों के साथ रेलवे संपत्ति की सुरक्षा पर भी पुलिस का विशेष फोकस है। 15 अगस्त तक जारी रहेगा अभियान जीआरपी थानाध्यक्ष जितेंद्र कुमार ने बताया कि स्वतंत्रता दिवस तक ट्रेनों और रेलवे स्टेशन पर विशेष चेकिंग अभियान जारी रहेगा। संदिग्ध व्यक्तियों और वस्तुओं पर नजर रखने के साथ यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुलिस टीम लगातार सक्रिय रहेगी।
Read full article on Bhaskar