top
सेल्समैन के खाते से 77 हजार रुपये पार:कानपुर में मोबाइल हैक कर UPI के जरिए की ठगी
कानपुर के कल्याणपुर के आवास विकास-1 निवासी एक सेल्समैन से साइबर ठगी हुई। साइबर ठगों ने कथित तौर पर मोबाइल को हैक कर इंडियन बैंक के खाते से UPI के जरिए 77 हजार रुपए पार कर दिए। मोबाइल में अचानक आई तकनीकी समस्या के बाद जब पीड़ित कुछ समझ पाता, उससे पहले ही खाते से रकम निकल चुकी थी। खाते से रुपए गायब होने की जानकारी होने पर उसके होश उड़ गए। पीड़ित ने मामले की शिकायत साइबर सेल में की है। मोबाईल हैक कर पैसे किए पार, पुलिस जांच मे जुटी कल्याणपुर थाना क्षेत्र के आवास विकास-1 निवासी नीरज सिंह चौहान सेल्समैन का काम करते हैं। नीरज के मुताबिक, 18 अगस्त को अचानक उनका मोबाइल अपडेट होने लगा। इसी दौरान मोबाइल का की-पैड भी काम करना बंद हो गया। उन्होंने मोबाइल में आई समस्या को सामान्य तकनीकी दिक्कत समझा और उसे ठीक करने का प्रयास किया। इसी बीच उनके इंडियन बैंक खाते से UPI के माध्यम से रकम ट्रांसफर कर दी गई। कुछ देर बाद जब नीरज को खाते से रुपए निकलने की जानकारी हुई तो उन्होंने बैंक खाते की जांच की। इसमें पता चला कि खाते से करीब 77 हजार रुपए कई ट्रांजेक्शन के जरिए निकाल लिए गए हैं। मोबाइल के अचानक अपडेट होने और इसके बाद खाते से रकम निकलने की घटना से पीड़ित को मोबाइल हैक किए जाने का शक है। नीरज ने तत्काल साइबर सेल में शिकायत दर्ज कराकर खाते से निकाली गई रकम वापस कराने और ठगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। साइबर सेल की ओर से मामले में खाते से हुए लेनदेन और UPI ट्रांजेक्शन की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि रकम किस खाते में ट्रांसफर हुई और वारदात में किन लोगों की भूमिका है। कल्याणपुर थाना प्रभारी बोले- जल्द ही ठगों पर सख्त कार्रवाई कर जेल भेजा जाएगा थाना प्रभारी केशव तिवारी ने बताया कि पीड़ित परिवार से तहरीर मिली है मुकदमा दर्जकर जांच की जा रही जल्द ही साइबर ठगो को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।
Read full article on Bhaskar