crime
शहपुरा(भिटौनी) टोल होगा अस्थायी रूप से बंद:PWD मंत्री राकेश सिंह ने दिए आदेश,उज्जैन-झालावाड़ एक्सप्रेसवे की स्वीकृति प्रक्रिया जल्द हो पूरी;जबलपुर-दमोह मार्ग की जल्द हो मरम्मत
जबलपुर भोपाल मार्ग का शहपुरा (भिटौनी) फ्लाईओवर ब्रिज के छतिग्रस्त होने और लगातार हो रहे विरोध के बीच आखिरकार अब निर्णय लिया गया है, कि शहपुरा टोल अब अस्थायी रूप से बंद होगा। मंगलवार को विभाग की समीक्षा बैठक के दौरान लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने निर्देश दिए है। इसके साथ ही मंत्री ने एनएचएआई की निर्माणाधीन एवं प्रस्तावित सड़क परियोजनाओं के कार्यों की भी समीक्षा की। उज्जैन-झालावाड़ एक्सप्रेसवे की स्वीकृति प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण करने सहित जबलपुर-दमोह मार्ग की मरम्मत शीघ्र कराने के भी निर्देश दिए गए है। लोक निर्माण विभाग मंत्री राकेश सिंह ने आज भोपाल में भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) द्वारा प्रदेश में किए जा रहे निर्माण कार्यों तथा भविष्य के लिए प्रस्तावित वृहद सड़क परियोजनाओं की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में एनएचएआई के अधिकारियों द्वारा प्रस्तुतीकरण के माध्यम से वर्तमान में प्रगतिरत परियोजनाओं की स्थिति तथा प्रस्तावित नई परियोजनाओं की कार्ययोजना की जानकारी दी गई। बैठक में राष्ट्रीय राजमार्गों के रखरखाव, सड़क सुरक्षा, निर्माण गुणवत्ता तथा वर्षाकाल के दौरान क्षतिग्रस्त हुई सड़कों की मरम्मत सहित विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई। लोक निर्माण मंत्री ने भोपाल-इंदौर ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे तथा उज्जैन-झालावाड़ ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे के संबंध में आवश्यक प्रक्रियाओं को शीघ्र पूर्ण कर निर्माण कार्य प्रारंभ कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रदेश के लिए महत्वपूर्ण इन वृहद सड़क परियोजनाओं में अनावश्यक विलंब न हो और संबंधित स्तरों पर आवश्यक कार्रवाई तेजी से की जाए। जबलपुर रिंग रोड की समीक्षा बैठक में जबलपुर रिंग रोड की प्रगति की समीक्षा भी की गई। रिंग रोड का कार्य कुल पांच पैकेज में किया जा रहा है। चार पैकेजों में कार्य की प्रगति संतोषजनक पाई गई, जबकि पांचवें पैकेज में अपेक्षित गति से कार्य नहीं होने पर मंत्री राकेश सिंह ने कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्देश दिए कि चार पैकेजों का कार्य दिसंबर 2026 तक तथा पांचवें पैकेज का कार्य जून 2027 तक पूर्ण किया जाए, ताकि संपूर्ण जबलपुर रिंग रोड का कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूरा हो सके। शहपुरा टोल अस्थायी रूप से कलेक्शन बंद जबलपुर-भोपाल मार्ग पर शहपुरा रेलवे ब्रिज के क्षतिग्रस्त होने के कारण यातायात को डायवर्ट किया जा रहा है। इसके चलते शहपुरा स्थित टोल पर लिए जा रहे टोल पर स्थानीय समुदाय में असंतोष की स्थिति बनी है। इस विषय पर मंत्री राकेश सिंह ने शहपुरा टोल नाके पर अस्थायी रूप से टोल कलेक्शन समाप्त करने के निर्देश दिए। राष्ट्रीय राजमार्गों के रखरखाव पर विशेष जोर बैठक में बताया गया कि राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के सभी राष्ट्रीय राजमार्ग किसी न किसी अनुबंध के अंतर्गत संधारित किए जा रहे हैं। जिन सड़कों पर परफॉर्मेंस गारंटी की अवधि समाप्त हो चुकी है अथवा जिनके पुनर्निर्माण की प्रक्रिया चल रही है, उनके रखरखाव के लिए शॉर्ट टर्म मेंटेनेंस कॉन्ट्रैक्ट तथा लॉन्ग टर्म मेंटेनेंस कॉन्ट्रैक्ट के माध्यम से मरम्मत एवं संधारण कार्य कराया जा रहा है। अधिकारियों ने बताया कि वर्षाकाल में क्षतिग्रस्त हुई सड़कों की मरम्मत का कार्य भी तेजी से किया जा रहा है। लोक निर्माण मंत्री सिंह ने निर्देश दिए कि प्रदेश में राष्ट्रीय राजमार्गों की गुणवत्ता और रखरखाव के स्तर को बेहतर बनाया जाए तथा क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत में किसी भी प्रकार की देरी न हो। उन्होंने नई प्रस्तावित सड़क परियोजनाओं की प्रक्रियाओं को भी गति देने के निर्देश दिए। बैठक में जबलपुर-दमोह मार्ग पर आवश्यक मरम्मत कार्य शीघ्र प्रारंभ करने के निर्देश दिए गए। वहीं उज्जैन-गरोठ मार्ग के निर्माण में गुणवत्ता संबंधी सामने आई समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए मंत्री सिंह ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने तथा निर्माण गुणवत्ता की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मंत्री राकेश सिंह ने कहा कि प्रदेश में राष्ट्रीय राजमार्गों का विकास केवल नई सड़क परियोजनाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि निर्माण की गुणवत्ता, समयबद्धता, नियमित रखरखाव और सड़क सुरक्षा पर भी समान रूप से ध्यान दिया जाना आवश्यक है। उन्होंने अधिकारियों को इन सभी विषयों पर सतत निगरानी रखते हुए कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
Read full article on Bhaskar