business
शामली में विधायक ने आईटीआई छात्रों से कहा:नौकरी नहीं, उद्यमी बनें; हुनर से अपना उद्यम शुरू कर आत्मनिर्भर बनें
शामली के थानाभवन में राष्ट्रीय उद्यमी सशक्तिकरण अभियान के तहत एक कार्यक्रम हुआ। राजकीय आईटीआई थानाभवन में शनिवार को उद्यमिता और स्वरोजगार जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें राजकीय आईटीआई सोन्टा रसूलपुर, थानाभवन और लिसाड़ के करीब 350 छात्रों और प्रशिक्षण पूरा कर चुके युवाओं ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम में युवाओं को स्वरोजगार, उद्यम शुरू करने, बैंक लोन और सरकारी योजनाओं के बारे में बताया गया। पंजाब नेशनल बैंक के एलडीएम अनिल कुमार ने उद्यम शुरू करने और लोन से जुड़ी बैंकिंग प्रक्रिया समझाई। उन्होंने बताया कि कोई भी उद्यम शुरू करने के लिए बैंक से आर्थिक मदद लेने में किन प्रक्रियाओं को पूरा करना होता है। युवाओं के बैंकिंग से जुड़े सवालों के जवाब भी दिए गए। शामली की उपायुक्त उद्योग रतिका गुप्ता ने कहा कि आज के युवा सिर्फ नौकरी लेने वाले नहीं, बल्कि नौकरी देने वाले भी बन सकते हैं। आईटीआई से तकनीकी ट्रेनिंग ले चुके युवा अपने हुनर और पसंद के हिसाब से छोटे और मध्यम उद्यम लगाकर आत्मनिर्भर बन सकते हैं। उन्होंने बताया कि सरकार का मकसद युवाओं को स्वरोजगार से जोड़कर आर्थिक रूप से मजबूत बनाना है। उपायुक्त उद्योग ने मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान योजना (CM Yuva) के बारे में जानकारी दी। उन्होंने इसके मकसद, योग्यता, आवेदन प्रक्रिया और स्वरोजगार के लिए मिलने वाली आर्थिक मदद के बारे में बताया। इसके साथ ही मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना, एक जनपद एक उत्पाद (ODOP), एमएसएमई पॉलिसी और विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के तहत मिलने वाले अवसरों की भी जानकारी दी गई।
Read full article on Bhaskar