crime
शासकीय भूमि धोखाधड़ी का आरोपी पटवारी अस्पताल से फरार:सिंगरौली में सस्पेंड पटवारी भागा, ड्यूटी पर तैनात ASI-आरक्षक निलंबित
सिंगरौली जिले में शासकीय भूमि धोखाधड़ी के आरोप में गिरफ्तार निलंबित पटवारी राजेश नामदेव शुक्रवार सुबह जिला चिकित्सालय सह ट्रामा सेंटर बैढ़न से फरार हो गया। पुलिस को चकमा देकर भागे आरोपी की तलाश में कोतवाली और मोरवा पुलिस की टीमें जुट गई हैं। इस मामले में लापरवाही बरतने पर पुलिस अधीक्षक सियाज केएम ने ड्यूटी पर तैनात एएसआई गुलाब प्रसाद बहरोलिया और आरक्षक श्यामबाबू सिंह को निलंबित कर लाइन अटैच कर दिया है। ये है मामला जानकारी के अनुसार, यह मामला मोरवा थाना क्षेत्र के कतरिहार गांव से जुड़ा है। यहां शासकीय भूमि खसरा नंबर 356 में हेराफेरी और कूटरचना कर खसरा नंबर 356/4 (रकबा 4.470 हेक्टेयर) भूमि गोन्ही बेवा बैजनाथ भूर्तिया के नाम फर्जी तरीके से दर्ज करने का आरोप है। जांच में आरोप सही पाए जाने के बाद वर्ष 2015 में राजेश नामदेव के खिलाफ मोरवा थाने में धारा 419, 420, 467, 468 और 471 के तहत मामला दर्ज किया गया था। विवेचना के दौरान भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धाराएं भी जोड़ी गईं। कोर्ट में पेश करने के पहले फरार पुलिस ने गुरुवार को आरोपी राजेश नामदेव को गिरफ्तार किया था। उसे न्यायालय में पेश करने की तैयारी थी, लेकिन पेशी नहीं हो सकी। इसके बाद मेडिकल परीक्षण के लिए उसे जिला अस्पताल बैढ़न लाया गया, जहां उसने बीमार होने की बात कही और रातभर भर्ती रहा। शुक्रवार सुबह आरोपी शौच जाने के बहाने अस्पताल के शौचालय में गया और वहां से पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। पुलिसकर्मियों ने अधिकारियों को इसकी सूचना दी, जिसके बाद उसकी तलाश शुरू की गई। पुलिस अधीक्षक सियाज केएम ने बताया कि आरोपी की तलाश जारी है। उन्होंने पुष्टि की कि ड्यूटी में लापरवाही के कारण एएसआई और आरक्षक को निलंबित किया गया है।
Read full article on Bhaskar